होर्मुज की नाकेबंदी पर अमेरिका का बड़ा एक्शन, भेज दिए 15+ युद्धपोत, ईरान अब क्या करेगा?
ट्रंप की सख्त चेतावनी के बाद अमेरिका ने हॉर्मुज की खाड़ी में 15 से ज्यादा युद्धपोत तैनात कर दिए हैं. लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ ताकत दिखाकर यहां जहाजों की आवाजाही को सामान्य करना अमेरिका के लिए आसान नहीं होगा.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है. फारस की खाड़ी में स्थित इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर ईरान के बाद अब अमेरिका ने भी कड़ी नाकेबंदी लगा दी है, जिससे क्षेत्र में स्थिति और गंभीर होती जा रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने अपनी चेतावनियों को अमल में लाते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पर सख्त नजर रखना शुरू कर दिया है.अमेरिका ने इस क्षेत्र में 15 से अधिक युद्धपोत तैनात कर दिए हैं, जो ईरानी बंदरगाहों और तटीय इलाकों के आसपास नाकेबंदी लागू कर रहे हैं. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने स्पष्ट किया है कि यह नाकेबंदी बहुत सख्ती से लागू की जा रही है.
अमेरिका ने शुरू की सख्त नाकेबंदी
CENTCOM के मुताबिक, नाकेबंदी तय समय से शुरू कर दी गई है और इसे पूरी मजबूती से लागू किया जाएगा. इसमें अमेरिका का खास युद्धपोत यूएसएस ट्रिपोली (LHA-7) भी शामिल है. इस जहाज से एफ-35बी लाइटनिंग II स्टील्थ फाइटर जेट, एमवी-22 ओस्प्रे विमान और हेलिकॉप्टर लगातार होर्मुज की ओर भेजे जा रहे हैं. CENTCOM ने बताया कि यूएसएस ट्रिपोली खास तरह से डिजाइन किया गया है, जिसमें 20 से ज्यादा एफ-35 बी जेट ऑपरेट किए जा सकते हैं.
किन जहाजों पर लागू होगी नाकेबंदी?
CENTCOM ने एक बयान में कहा, नाकेबंदी सभी देशों के उन पोतों के खिलाफ निष्पक्ष रूप से लागू की जाएगी, जो ईरान के बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे हैं या वहां से बाहर जा रहे हैं. गैर-ईरानी बंदरगाहों के बीच यात्रा करने वाले जहाजों को होर्मुज से गुजरने की इजाजत दी जाएगी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ चेतावनी दी है कि अगर ईरान की कोई फास्ट अटैकर जहाजें नाकेबंदी के पास आईं, तो उन्हें तुरंत नष्ट कर दिया जाएगा.
पाकिस्तान में बातचीत बेनतीजा, फिर बढ़ा तनाव
इससे पहले अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच 28 फरवरी को हुए सशर्त युद्धविराम समझौते को स्थायी शांति में बदलने के लिए पिछले शनिवार को पाकिस्तान में हुई बातचीत बेनतीजा रही थी. इसके बाद अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को निशाना बनाते हुए नाकेबंदी का रुख अपनाया है. दोनों पक्षों के बीच आगे बातचीत होगी या नहीं, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं आई है.
ईरान की बड़ी धमकी
अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में ईरान ने फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के सभी बंदरगाहों को निशाना बनाने की धमकी दी है. इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग के मुताबिक, फारस की खाड़ी और ओमान सागर में सुरक्षा या तो सभी के लिए होगी या किसी के लिए भी नहीं. ईरानी सेना ने कहा, इस क्षेत्र का कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा.


