अमेरिका में मैक्सिको की नौसेना का मेडिकल विमान हुआ क्रैश, 5 लोगों की दर्दनाक मौत
अमेरिका के टेक्सास राज्य में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा हुआ. मैक्सिको नौसेना का एक विमान गैल्वेस्टन के पानी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस विमान में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 4 नौसेना के जवान और 4 नागरिक शामिल थे.

नई दिल्ली: अमेरिका के टेक्सास राज्य में गैल्वेस्टन तट के पास एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है. मैक्सिको की नौसेना का एक छोटा विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार लोगों को लेकर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. यह विमान एक मेडिकल मिशन पर था और हादसे ने दोनों देशों की एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है.
अमेरिकी कोस्ट गार्ड्स के मुताबिक, इस हादसे में अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि बाकी लोगों की तलाश समुद्र में जारी है. दुर्घटना के बाद से ही अमेरिकी और मैक्सिकन एजेंसियां संयुक्त रूप से खोज और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं.
मेडिकल मिशन पर था विमान
मैक्सिको की नौसेना ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में कुल आठ लोग सवार थे. इनमें चार नौसेना अधिकारी और चार नागरिक शामिल थे, जिनमें एक बच्चा भी मौजूद था. हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतकों में कौन-कौन शामिल हैं. नौसेना ने इस हादसे को एक दुर्घटना करार दिया है और कहा है कि इसके कारणों की गहन जांच की जाएगी.
‘मिचू एंड माउ फाउंडेशन’ से जुड़े थे दो यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान में सवार दो लोग ‘मिचू एंड माउ फाउंडेशन’ से जुड़े हुए थे. यह एक संस्था है, जो गंभीर रूप से झुलसे हुए मैक्सिकन बच्चों के इलाज और सहायता का काम करती है. बताया जा रहा है कि विमान इसी मेडिकल सहायता से जुड़े मिशन पर था और एक झुलसे मरीज को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था.
टेक्सास तट के पास समुद्र में गिरा विमान
यह हादसा सोमवार दोपहर को गैल्वेस्टन के पास एक कॉजवे के आधार क्षेत्र के नजदीक हुआ. यह इलाका टेक्सास के तट पर स्थित है और ह्यूस्टन से लगभग 50 मील दक्षिण-पूर्व में पड़ता है. जैसे ही विमान समुद्र में गिरा, स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं.
अमेरिकी तटरक्षक बल के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया और समुद्री क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. मैक्सिको की नौसेना ने भी स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग करने की पुष्टि की है.
जांच के लिए कई एजेंसियां तैनात
खबरों के अनुसार, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और हादसे की जांच में जुटी हैं. वहीं, गैल्वेस्टन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने जानकारी दी है कि उनकी डाइव टीम, क्राइम सीन यूनिट, ड्रोन यूनिट और पेट्रोल टीम को भी सर्च ऑपरेशन के लिए तैनात किया गया है. समुद्र में लापता लोगों की तलाश अभी जारी है.


