रूस-यूक्रेन युद्ध के जल्द खत्म होने की उम्मीद! अमेरिका और रूस के राजनयिक आज करेंगे अहम बातचीत
रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयास तेज हो गए हैं. इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अमेरिका और रूस के शीर्ष राजनयिक सऊदी अरब की राजधानी रियाद में मुलाकात करने जा रहे हैं. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव इस बैठक में युद्ध खत्म करने के संभावित रास्तों पर चर्चा करेंगे.

रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका अब एक्शन में आ चुका है. इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंच चुके हैं. दोनों देशों के बीच इस उच्चस्तरीय बैठक में युद्ध समाप्त करने और अमेरिका-रूस संबंधों को सुधारने पर गहन चर्चा होगी.
रियाद में होने वाली यह बैठक ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि अगर इसमें सकारात्मक नतीजे निकलते हैं, तो निकट भविष्य में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सीधी मुलाकात संभव हो सकती है. इस वार्ता से पूरी दुनिया की निगाहें जुड़ी हुई हैं, क्योंकि यह चार वर्षों से जारी वैश्विक तनाव को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम हो सकता है.
अमेरिका-रूस आमने-सामने
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए संभावित रास्ते तलाशना है. अमेरिका और रूस के बीच संबंध 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से लगातार खराब होते चले गए थे, लेकिन अब इस वार्ता के जरिए तनाव कम करने की कोशिश की जा रही है.
रियाद में बड़ी कूटनीतिक बैठक
रियाद में रूबियो के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज और पश्चिम एशिया के लिए ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विट्काफ भी शामिल होंगे. वहीं, रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लावरोव करेंगे, जिनके साथ पुतिन के वरिष्ठ सलाहकार यूरी यूशाकोव और अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे.
ट्रंप और पुतिन की हो सकती है सीधी वार्ता
अगर रियाद की बैठक के परिणाम सकारात्मक रहे, तो जल्द ही अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बीच सीधी वार्ता हो सकती है. यह वैश्विक शांति प्रयासों के लिए एक बड़ी पहल होगी और युद्ध की समाप्ति में निर्णायक साबित हो सकती है.
फ्रांस ने बुलाई यूरोपीय संघ की बैठक
रियाद में हो रही इस बैठक में यूक्रेन को आमंत्रित नहीं किया गया है, जिसे लेकर सवाल उठ रहे हैं. इस फैसले के विरोध में फ्रांस ने पेरिस में यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है, जिसमें यूक्रेन की भागीदारी पर चर्चा होगी.
रूस और यूक्रेन के बीच जारी हैं हमले
बैठक से ठीक पहले रूस ने यूक्रेन पर 147 ड्रोन हमले किए, जिनमें से यूक्रेनी सेना ने 83 ड्रोन मार गिराए और 59 को निशाने तक पहुंचने से रोक दिया. हालांकि, पांच ड्रोन अपने लक्ष्यों तक पहुंचने में सफल रहे और इनसे यूक्रेन को नुकसान हुआ. यूक्रेन ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए रूस के क्रैस्नोडर इलाके में 12 मकानों को निशाना बनाया, जिससे वहां एक व्यक्ति घायल हो गया.
रूस ने अमेरिका के प्रति दिखाई सद्भावना
इस बीच, रूस ने अमेरिका के साथ बेहतर संबंधों की पहल करते हुए सात फरवरी को नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए गए अमेरिकी नागरिक कालोब बायर्स को रिहा कर दिया.
सऊदी अरब के साथ गाजा पर भी होगी चर्चा
अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो अपने इस दौरे के दौरान गाजा की स्थिति पर भी चर्चा करेंगे. ट्रंप पहले ही गाजा के पुनर्निर्माण की योजना बना चुके हैं, लेकिन उनके सुझावों को अरब देशों ने ठुकरा दिया है.


