ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर गोलीबारी से कई लोगों की मौत, चारो तरफ बिछी लाशें

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में मशहूर बोंडी बीच पर यहूदी त्योहार हनुक्का के जश्न के दौरान हुई एक भयानक गोलीबारी ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में स्थित प्रसिद्ध बॉन्डी बीच पर यहूदी समुदाय के पवित्र त्योहार हनुक्का के जश्न के दौरान हुई भीषण गोलीबारी ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है. सोमवार शाम को हुई इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घटना के वक्त समुद्र तट पर करीब 2000 लोग मौजूद थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हनुक्का की पहली मोमबत्ती जलाने के कार्यक्रम के दौरान अचानक कई राउंड फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं. गोलीबारी के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की और पूरे इलाके को घेराबंदी में ले लिया.

सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो 

इस हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दो संदिग्ध हमलावर ऊंचाई वाले स्थान से भीड़ पर गोली चलाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में दोनों हमलावर काले कपड़े पहने हुए हैं और उनके हाथों में राइफल दिखाई दे रही है. सुरक्षा एजेंसियां वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हैं.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, न्यू साउथ वेल्स एंबुलेंस सेवा को स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6:45 बजे गोलीबारी की सूचना मिली. सूचना मिलते ही कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं. एंबुलेंस अधिकारियों ने बताया कि कई घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

इज़राइली राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग तीखी प्रतिक्रिया

इस हमले को लेकर इज़राइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे यहूदी समुदाय के खिलाफ आतंकवादी हमला बताया. राष्ट्रपति हर्ज़ोग ने कहा कि हनुक्का के पावन अवसर पर सिडनी में यहूदियों को निशाना बनाया जाना बेहद क्रूर और अमानवीय है. उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा इज़राइल राष्ट्र इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता है.

घटना के बाद ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. बॉन्डी बीच और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. फिलहाल हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच एजेंसियां इस हमले के पीछे की मंशा और साजिश को खंगालने में जुटी हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो