भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसी शेख हसीना, कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट

बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा भूचाल तब आया जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ राजधानी ढाका की दो विशेष अदालतों ने भ्रष्टाचार के छह मामलों में आरोप तय किए. ये मामले RAJUK पूर्वाचल न्यू टाउन परियोजना में कथित तौर पर अवैध तरीके से भूखंड आवंटन को लेकर दर्ज किए गए हैं.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

बांग्लादेश की सत्ता से हटाई गई पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में छह मामलों में आरोप तय किए गए हैं. राजधानी ढाका की दो विशेष अदालतों ने RAJUK पूर्वाचल न्यू टाउन परियोजना में भूखंड आवंटन में कथित अनियमितताओं को लेकर यह कार्रवाई की है. इन मामलों में हसीना के साथ उनकी बहन शेख रेहाना, बेटे सजीब वाज़ेद जॉय, बेटी साइमा वाज़ेद पुतुल समेत 99 अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.

बांग्लादेश की भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (Anti-Corruption Commission - ACC) ने जनवरी 2025 में ये छह मामले दर्ज किए थे. अब अदालत ने आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए हैं और गवाहियों की रिकॉर्डिंग के लिए 11 और 13 अगस्त की तारीखें तय की हैं.

दो अदालतों ने छह मामलों में लगाए आरोप

राजधानी ढाका की विशेष अदालत संख्या 4 के न्यायाधीश रबिउल आलम ने तीन मामलों में आरोप तय किए. एक मामले में 17 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना शामिल हैं. दूसरे मामले में हसीना और अजमीना सिद्दिकी सहित 18 लोग आरोपी हैं, जबकि तीसरे मामले में हसीना और रादवान मुजीब सिद्दिकी का नाम है. यह जानकारी सरकारी समाचार एजेंसी BSS ने दी.

वहीं, विशेष अदालत संख्या 5 के न्यायाधीश मोहम्मद अब्दुल्ला अल मामून ने तीन अन्य मामलों में आरोप तय किए. एक मामले में 12 लोगों को आरोपी बनाया गया है जिनमें शेख हसीना भी शामिल हैं. दूसरे केस में हसीना और उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय सहित 17 लोगों को नामजद किया गया है. तीसरे मामले में हसीना और उनकी बेटी साइमा वाजेद पुतुल समेत 18 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है.

अगस्त में शुरू होगी गवाही

Anti-Corruption Commission (ACC) के विशेष लोक अभियोजक मीर अहमद अली सलाम ने कहा कि अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए हैं. अदालत ने 11 अगस्त और 13 अगस्त को गवाहियों की रिकॉर्डिंग शुरू करने की तिथि निर्धारित की है. गौरतलब है कि दोनों अदालतों ने बीते सप्ताह, यानी 31 जुलाई को, इन छह मामलों में आरोप तय करने की सुनवाई की थी. इसके बाद चार्जशीट स्वीकार करते हुए आरोपियों पर औपचारिक रूप से मुकदमा चलाने का आदेश दिया गया.

बर्खास्तगी के बाद केसों की बाढ़

77 वर्षीय शेख हसीना को 5 अगस्त 2024 को देशभर में छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक आंदोलन के बाद सत्ता से बाहर कर दिया गया था. इसके बाद उन्हें ढाका छोड़कर भागना पड़ा. सत्ता से हटने के बाद उनके खिलाफ कई भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग से जुड़े मामलों की जांच शुरू हुई. ACC द्वारा दर्ज ये छह मामले उसी प्रक्रिया का हिस्सा हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag