एपस्टीन फाइल्स पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले "मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं"

एपस्टीन फाइल्स को लेकर दुनिया भर में मचे विवाद के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया है. उन्होंने जेफरी एपस्टीन से किसी भी संबंध से इनकार करते हुए डेमोक्रेट्स और क्लिंटन परिवार पर तीखा हमला बोला है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइल्स को लेकर दुनियाभर में बहस तेज हो गई है. इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर एपस्टीन से किसी भी तरह के संबंध से साफ इनकार किया है. ट्रंप का कहना है कि जांच में उन्हें पूरी तरह से बरी कर दिया गया है और उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है.

रिपोर्टर्स से बातचीत में ट्रंप ने दावा किया कि उन्हें किसी भी गलत काम से मुक्त कर दिया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स को उम्मीद थी कि जांच में उनके खिलाफ कुछ सामने आएगा, लेकिन परिणाम उनके दावों के विपरीत रहा.

मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं - ट्रंप

मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, "मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है. मुझे बरी कर दिया गया है. जेफरी एपस्टीन से मेरा कोई लेना-देना नहीं है. डेमोक्रेट्स इस उम्मीद में थे कि उन्हें कुछ मिल जाएगा लेकिन ठीक इसका उल्टा मिला."

ट्रंप ने दोहराया कि जांच में उनका नाम गलत कार्यों से जोड़कर साबित नहीं किया जा सका और उन्हें पूरी तरह क्लीन चिट मिली है.

डेमोक्रेट्स पर साधा सीधा हमला

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि जेफरी एपस्टीन उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के खिलाफ थे. उन्होंने कहा, "जेफरी एपस्टीन इस बात के लिए लड़ रहे थे कि मैं किसी लेखक, एक घटिया इंसान के साथ इलेक्ट न हो जाऊं."

पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन समेत अन्य राजनीतिक हस्तियों का जिक्र किया. उन्होंने कहा, "यह वाकई दिलचस्प है क्योंकि उन्हें घसीटा गया है. इसके बारे में सोचिए. क्लिंटन और कई अन्य डेमोक्रेट्स को घसीटा गया है."

हिलेरी क्लिंटन का पलटवार

रिपोर्ट के अनुसार, हिलेरी क्लिंटन ने दावा किया कि उन्हें और उनके पति को ट्रंप से ध्यान हटाने के लिए एपस्टीन मामले में घसीटा जा रहा है. हालांकि ट्रंप ने इस आरोप से इनकार किया.

उन्होंने कहा, "उन्हें घसीटा जा रहा है और यह उनकी प्रॉब्लम है. मुझे नहीं पता. उन्हें देखना होगा कि क्या होता है. लेकिन मैंने उन्हें म्यूनिख में देखा और उन्हें सच में ट्रंप डिरेंजमेंट सिंड्रोम है."

2019 में फेडरल कस्टडी में हुई थी एपस्टीन की मौत

जेफरी एपस्टीन की 2019 में फेडरल कस्टडी में मौत हो गई थी. उस समय वह सेक्स ट्रैफिकिंग के गंभीर आरोपों में ट्रायल का इंतजार कर रहे थे.

राजनीति, व्यवसाय और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियों से उनके संबंधों को लेकर लगातार जांच होती रही है. एपस्टीन फाइल्स को लेकर विवाद अब भी वैश्विक चर्चा का विषय बना हुआ है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag