फिर से युद्ध की राह पर अमेरिका, वेनेजुएला बनेगा अगला इराक!...जानें क्या है डोनाल्ड ट्रंप की फेंटेनाइल नीति ?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फेंटेनाइल और उसके रसायनों को ‘सामूहिक विनाश हथियार’ (WMD) घोषित करने का ऐलान किया. इसका उद्देश्य ड्रग तस्करों और लैटिन अमेरिकी कार्टेल्स पर कड़ी कार्रवाई करना है. नए आदेश के तहत संघीय एजेंसियां अवैध फेंटेनाइल को रोकेंगी.

नई दिल्ली : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि वह एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर करेंगे, जिसके तहत फेंटेनाइल और इसके कच्चे रसायनों को ‘वेपन ऑफ मास डिस्ट्रक्शन’ (WMD) यानी सामूहिक विनाश का हथियार घोषित किया जाएगा. यह कदम अमेरिका की ड्रग नीति में नया मोड़ माना जा रहा है और इसे ड्रग तस्करों और लैटिन अमेरिकी कार्टेल्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है.
जानबूझकर फेंटेनाइल देश में भेज रहे
नए आदेश का दायरा और कानूनी प्रभाव
यह नया आदेश संघीय एजेंसियों को निर्देश देगा कि वे अवैध फेंटेनाइल और उसके प्रीकर्सर केमिकल्स को खत्म करने के लिए मिलकर कार्रवाई करें. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ‘WMD’ टैग का कानूनी या व्यावहारिक असर वैध मेडिकल फेंटेनाइल पर कैसे होगा. मौजूदा अमेरिकी कानून के अनुसार, सामूहिक विनाश के हथियार जहरीले रसायन, जैविक एजेंट या रेडिएशन से बड़े पैमाने पर मौत या गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं.
मैक्सिको और चीन पर दबाव डाल चुका
फेंटेनाइल को लेकर ट्रंप प्रशासन पहले ही मैक्सिको और चीन पर दबाव डाल चुका है और कैरिबियन तथा पैसिफिक में ड्रग तस्करी की जांच में सैन्य कार्रवाई कर चुका है. सोमवार को ट्रंप ने वेनेजुएला में जमीन पर कार्रवाई की संभावना का भी संकेत दिया. हालांकि, क्षेत्रीय विशेषज्ञों का कहना है कि वेनेजुएला या दक्षिण अमेरिका फेंटेनाइल का मुख्य स्रोत नहीं हैं.
तुलना 2003 में इराक पर हमले से...
विशेषज्ञों और आलोचकों ने इस कदम की तुलना 2003 में इराक पर हमले से की है, जब सामूहिक विनाश के हथियारों के झूठे दावों के आधार पर हमला किया गया था. उन्होंने चेताया कि ट्रंप का यह अभियान राजनीतिक और सैन्य तनाव बढ़ा सकता है. यह कदम अमेरिका की ड्रग नीति में नाटकीय बदलाव को दर्शाता है और संभावित सैन्य कार्रवाई की दिशा में नए राजनीतिक और रणनीतिक द्वार खोलता है.


