369 खिलाड़ी,10 टीमें...कब और कहां देखें IPL 2026 का ऑक्शन, जानिए कितनों की आज चमकेगी किस्मत और कितना है पर्स

आईपीएल 2026 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में आयोजित होगा. ऑक्शन में 369 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. 10 टीमों के पास कुल 77 खाली स्लॉट हैं. केकेआर का बजट सबसे बड़ा है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

स्पोर्ट्स : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन की शुरुआत से पहले फैंस को खिलाड़ियों की नीलामी का बेसब्री से इंतजार है. आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन मंगलवार, 16 दिसंबर को यूएई के अबू धाबी में एतिहाद एरिना में आयोजित होगा. भारतीय समयानुसार यह दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा. ऑक्शन का लाइव प्रसारण भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर होगा, जबकि जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर भी इसे देखा जा सकेगा.

खिलाड़ियों और स्लॉट की जानकारी

आपको बता दें कि ऑक्शन में कुल 369 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें करीब 240 भारतीय और 110 से अधिक विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. 10 टीमों में कुल 77 स्लॉट खाली हैं और इसलिए 77 खिलाड़ियों की किस्मत चमक सकती है. अधिकतम 31 विदेशी खिलाड़ी ही खरीदे जाएंगे, जबकि 280 से अधिक खिलाड़ी अनसोल्ड रह सकते हैं. हर टीम में अधिकतम 25 खिलाड़ी हो सकते हैं, जिसमें विदेशी खिलाड़ी 8 से अधिक नहीं हो सकते.

किस टीम का कितना है बजट
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के पास सबसे बड़ा बजट है. 64.30 करोड़ रुपये के पर्स के साथ उन्हें 13 स्लॉट भरने हैं. चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का बजट 43.40 करोड़ रुपये है और उनके पास 9 स्लॉट हैं. सनराइजर्स हैदराबाद का बजट 25.50 करोड़ रुपये और 10 स्लॉट हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स के पास 22.95 करोड़ रुपये और 6 स्लॉट हैं. दिल्ली कैपिटल्स का पर्स 21.80 करोड़ रुपये और 8 स्लॉट हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास 16.40 करोड़ रुपये और राजस्थान रॉयल्स के पास 16.05 करोड़ रुपये हैं. गुजरात टाइटंस के पास 12.90 करोड़ रुपये और पंजाब किंग्स के पास 11.50 करोड़ रुपये हैं. मुंबई इंडियंस (एमआई) का पर्स सबसे कम 2.75 करोड़ रुपये है और उन्हें 5 स्लॉट भरने हैं.

इस स्टार खिलाड़ी को मिल सकती है बड़ी डील 
ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन इस ऑक्शन में बड़ी डील प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने आईपीएल में 29 मैच में 704 रन बनाए और 16 विकेट भी लिए. इसके अलावा भारतीय टीम से बाहर चल रहे वेंकटेश अय्यर और वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर पर भी जोरदार बोली लग सकती है. तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों की हमेशा मांग रही है.

ऑक्शन की खासियत
छोटी नीलामी अक्सर बड़ी नीलामी से ज्यादा दिलचस्प होती है. फ्रेंचाइजी अपनी पसंद के खिलाड़ियों के लिए रणनीतिक रूप से बोली लगाती हैं और नए टैलेंट को जोड़ने के लिए पूरी ताकत लगाती हैं. यह ऑक्शन टीमों के संतुलन और आगामी सीजन के प्रदर्शन के लिए निर्णायक साबित हो सकता है. आईपीएल 2026 ऑक्शन क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच और रणनीति का अद्वितीय संगम प्रस्तुत करता है, जहां खिलाड़ी, बजट और टीम रणनीति का मेल देखने को मिलेगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag