भीड़ से दूर सुकून चाहिए? दिल्ली-NCR के पास ये 5 हिल स्टेशन कर देंगे दिल खुश

गर्मी से राहत पाने के लिए दिल्ली-NCR के पास कई सस्ते और खूबसूरत हिल स्टेशन मौजूद हैं. कसौली, लैंसडाउन, चकराता, नाहन और शिवपुरी जैसे स्थान वीकेंड ट्रिप के लिए आसान, शांत और यादगार विकल्प हैं.

Shraddha Mishra

गर्मी बढ़ते ही दिल्ली-एनसीआर की तपती धूप और रोजमर्रा की भागदौड़ से थोड़ी राहत लेने का मन हर किसी का करता है. ऐसे में अगर आपको भी बिना ज्यादा खर्च और लंबी छुट्टी लिए किसी ठंडी और शांत जगह पर जाने का प्लान चाहिए, तो आपके लिए कई शानदार विकल्प मौजूद हैं. खास बात यह है कि ये जगहें ज्यादा दूर नहीं हैं और वीकेंड में आसानी से घूमकर लौटा जा सकता है. नीचे बताए गए 5 हिल स्टेशन न सिर्फ सस्ते हैं, बल्कि भीड़ से दूर सुकून भी देते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

कसौली- सुकून भरा पहाड़ी अनुभव

हिमाचल प्रदेश का कसौली एक छोटा और शांत हिल स्टेशन है, जहां का माहौल बहुत सुकून देता है. यहां पहुंचना भी आसान है, दिल्ली से सड़क मार्ग या कालका तक ट्रेन लेकर करीब 6 घंटे में पहुंच सकते हैं. यहां घूमने के लिए गिल्बर्ट ट्रेल, मंकी पॉइंट और मॉल रोड सबसे खास जगहें हैं. स्थानीय खाने में बन समोसा और फलों से बनी वाइन जरूर चखें. अगर आप आराम और शांति चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए बिल्कुल सही है.

लैंसडाउन - शांति और प्रकृति का मेल

उत्तराखंड का लैंसडाउन उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो भीड़ से दूर समय बिताना चाहते हैं. दिल्ली से करीब 250 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस जगह तक आप सड़क या कोटद्वार तक ट्रेन से पहुंच सकते हैं. यहां भुल्ला ताल की झील, सेंट मैरी चर्च और दरवान सिंह संग्रहालय देखने लायक हैं. टिप-एन-टॉप से हिमालय के खूबसूरत नजारे आपका दिल जीत लेंगे.

चकराता - प्रकृति के बीच सन्नाटा

देहरादून से करीब 90 किलोमीटर दूर चकराता एक ऐसा हिल स्टेशन है जहां शांति और हरियाली का अनोखा संगम देखने को मिलता है. यहां टाइगर फॉल्स, चिलमिरी नेक और कनासर के जंगल मुख्य आकर्षण हैं. बुधेर गुफाएं एडवेंचर पसंद लोगों के लिए खास अनुभव देती हैं. अगर आप भीड़ से दूर रहना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए परफेक्ट है.

नाहन - कम भीड़, ज्यादा सुकून

हिमाचल का नाहन अभी भी ज्यादा भीड़भाड़ से दूर है, जो इसे खास बनाता है. दिल्ली से लगभग 5 घंटे में यहां पहुंचा जा सकता है. यहां रानी ताल, रेणुका झील और सुकेती फॉसिल पार्क जैसी जगहें देखने लायक हैं. कम बजट में शांत माहौल का आनंद लेने के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है.

शिवपुरी - रोमांच और मस्ती का ठिकाना

ऋषिकेश के पास स्थित शिवपुरी एडवेंचर पसंद लोगों के लिए शानदार जगह है. यहां आप व्हाइट वाटर राफ्टिंग, कैंपिंग और ट्रेकिंग का मजा ले सकते हैं. नीरगढ़ झरना और वशिष्ठ गुफा यहां के खास आकर्षण हैं. दोस्तों या कपल्स के साथ वीकेंड बिताने के लिए यह जगह एकदम सही है.

वीकेंड ट्रिप के लिए क्यों हैं खास?

इन सभी जगहों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां पहुंचना आसान है और खर्च भी ज्यादा नहीं होता. साथ ही, हर जगह आपको कुछ नया अनुभव देती है, कहीं शांति, कहीं रोमांच और कहीं प्रकृति के करीब जाने का मौका.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो