प्रेग्नेंसी में कितने अल्ट्रासाउंड होते हैं? जानिए हर स्कैन का सही समय और उससे मिलने वाली जानकारी
प्रेग्नेंसी के दौरान मां और उसके होने वाले बच्चे की हेल्थ को बेहतर तरीके से मॉनिटर करने के लिए अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं. इस दौरान कई अलग-अलग तरह के अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं, तो आइए जानें कि प्रेग्नेंसी के दौरान कब और कौन से अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं और उनसे क्या जानकारी मिलती है.

नई दिल्ली: गर्भावस्था के दौरान मां और गर्भ में पल रहे शिशु की सेहत पर नजर रखने के लिए अल्ट्रासाउंड जांच बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. यह एक सुरक्षित और दर्द रहित प्रक्रिया है, जिसके जरिए डॉक्टर गर्भ में बच्चे की स्थिति और विकास के बारे में जरूरी जानकारी हासिल करते हैं.
एक गाइनेकोलॉजिस्ट के अनुसार, सामान्यत: गर्भावस्था के दौरान चार से पांच अल्ट्रासाउंड स्कैन करवाए जाते हैं. इस जांच में किसी प्रकार के विकिरण का उपयोग नहीं होता, बल्कि ध्वनि तरंगों की मदद से गर्भ में पल रहे शिशु की तस्वीर तैयार की जाती है.
प्रेग्नेंसी के हर चरण में किया जाने वाला अल्ट्रासाउंड अलग उद्देश्य के लिए होता है और हर स्कैन से मां और बच्चे की सेहत से जुड़ी अलग-अलग जानकारी मिलती है. आइए जानते हैं गर्भावस्था के दौरान होने वाले इन महत्वपूर्ण स्कैन के बारे में विस्तार से.
प्रेग्नेंसी की शुरुआत में पहला स्कैन (6-9 सप्ताह)
गर्भावस्था की पुष्टि होने के बाद आमतौर पर सबसे पहला अल्ट्रासाउंड 6 से 9 सप्ताह के बीच कराया जाता है. इस जांच के जरिए डॉक्टर कई जरूरी जानकारियां प्राप्त करते हैं.
- यह पता लगाया जाता है कि प्रेग्नेंसी गर्भाशय के अंदर है या नहीं
- भ्रूण की धड़कन की पुष्टि होती है
- गर्भावस्था की सही अवधि का अनुमान लगाया जाता है
- यह जांच करती है कि एक बच्चा है या जुड़वां/तीन बच्चे
- एक्टोपिक प्रेग्नेंसी का पता लगाया जा सकता है
नोट- शुरुआती हफ्तों में साफ और बेहतर इमेज पाने के लिए ट्रांसवेजाइनल अल्ट्रासाउंड किया जा सकता है.
एनटी स्कैन (11-14 सप्ताह)
एनटी यानी नुचल ट्रांसलूसेंसी स्कैन पहली तिमाही में किया जाता है. यह जांच आमतौर पर 11 से 14 सप्ताह के बीच करवाई जाती है.
इस स्कैन से मिलने वाली प्रमुख जानकारी इस प्रकार है:
- भ्रूण की गर्दन के पीछे मौजूद तरल की मात्रा मापी जाती है, जिससे डाउन सिंड्रोम जैसी क्रोमोसोमल असामान्यताओं के जोखिम का अंदाजा लगाया जा सकता है.
- शिशु के प्रमुख अंगों के शुरुआती विकास की जांच की जाती है.
- डिलीवरी की संभावित तारीख की पुष्टि अधिक सटीक तरीके से की जाती है.
बता दें कि बेहतर स्क्रीनिंग के लिए इस स्कैन को अक्सर ब्लड टेस्ट के साथ किया जाता है.
एनोमली स्कैन / लेवल 2 स्कैन (18-22 सप्ताह)
गर्भावस्था की दूसरी तिमाही में 18 से 22 सप्ताह के बीच एनोमली स्कैन किया जाता है. यह गर्भावस्था के सबसे महत्वपूर्ण और विस्तृत अल्ट्रासाउंड में से एक माना जाता है.
इस जांच में निम्नलिखित चीजों की जांच की जाती है:
- शिशु के मस्तिष्क, हृदय, रीढ़ की हड्डी, गुर्दे, हाथ-पैर और चेहरे की विस्तृत जांच
- शरीर की संरचनात्मक (Structural) असामान्यताओं की पहचान
- प्लेसेंटा की स्थिति की जांच
- एमनियोटिक फ्लूइड के स्तर का आकलन
- शिशु की ग्रोथ और विकास की पुष्टि
- यह स्कैन शिशु के शारीरिक विकास के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देता है.
ग्रोथ स्कैन (28-32 सप्ताह)
गर्भावस्था के तीसरे ट्राइमेस्टर में आमतौर पर 28 से 32 सप्ताह के बीच ग्रोथ स्कैन कराया जाता है. इस जांच से शिशु की वृद्धि और उसकी स्थिति के बारे में जानकारी मिलती है.
इस स्कैन से मिलने वाली प्रमुख जानकारी:
- शिशु के अनुमानित वजन का पता चलता है
- ग्रोथ पैटर्न और डेवलपमेंट की जांच
- एमनियोटिक फ्लूइड की मात्रा
- प्लेसेंटा की सेहत
- बच्चे की पोजीशन (सिर नीचे या ब्रीच)
नोट- यह स्कैन हाईरिस्क प्रेग्नेंसी जैसे डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, आईवीएफ प्रेग्नेंसी या पहले से जटिल गर्भावस्था वाले मामलों में खास तौर पर महत्वपूर्ण होता है.
डॉप्लर स्कैन
हर गर्भावस्था में डॉप्लर स्कैन जरूरी नहीं होता, लेकिन कुछ विशेष परिस्थितियों में डॉक्टर इसकी सलाह देते हैं.
इस जांच से मिलने वाली जानकारी:
- शिशु के मस्तिष्क में ब्लड फ्लो की जांच
- प्लेसेंटा में रक्त आपूर्ति की स्थिति
- यह पता लगाना कि बच्चा सही तरीके से विकसित हो रहा है या नहीं
नोट- यह जांच यह सुनिश्चित करने में मदद करती है कि शिशु को पर्याप्त ऑक्सीजन और पोषक तत्व मिल रहे हैं.
3D/4D अल्ट्रासाउंड स्कैन (ऑप्शनल)
यह एक एडवांस इमेजिंग तकनीक है, जिसमें शिशु की तस्वीर अधिक स्पष्ट दिखाई देती है. हालांकि यह जांच आवश्यक नहीं होती और अक्सर वैकल्पिक रूप से करवाई जाती है.
- इस स्कैन से मिलने वाली जानकारी:
- बच्चे का चेहरा साफ दिखाई देता है
- 4D तकनीक में शिशु की उस समय की मूवमेंट भी देखी जा सकती है
- क्या प्रेग्नेंसी में अल्ट्रासाउंड सुरक्षित है?
"जी हां, अल्ट्रासाउंड का उपयोग दशकों से किया जा रहा है और यह पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन केवल तभी जब इसे ट्रेंन्ड प्रोफेशनल द्वारा किया जाए."
प्रेग्नेंसी में कितने अल्ट्रासाउंड जरूरी होते हैं?
"नॉर्मल गर्भावस्था में आमतौर पर 3 से 4 स्कैन पर्याप्त होते हैं, लेकिन उच्च जोखिम वाली मामलों में मॉनिटरिंग के लिए इसकी संख्या बढ़ सकती है."
नोट: हर प्रेग्नेंसी अलग होती है. आपकी डॉक्टर आपकी हेल्थ कंडीशन और हिस्ट्री देखकर स्कैन कराने की सलाह देंगी.


