वर्सोवा में सोनू सूद से मिले राजपाल यादव, गले मिलकर दिए पोज; वायरल हुआ वीडियो

हाल ही में सोशल मीडिया पर सोनू सूद और राजपाल यादव के मिलने का एक वीडियो वायरल हो रहा है. दोनों एक्टर एक दूसरे से गले लगते हैं और साथ में पपराजी को पोज भी करते हैं. राजपाल के दिए पिछले बयान के कारण क्यास लगाए जा रहे थे कि दोनों नेता अब कभी साथ नजर नहीं आएंगे.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

मुंबई: मुंबई में हाल ही में अभिनेता राजपाल यादव और सोनू सूद की मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दोनों अभिनेता एक-दूसरे से गर्मजोशी से मिलते और पैपराजी के सामने मुस्कुराते हुए पोज देते नजर आ रहे हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजपाल यादव ने वर्सोवा स्थित सोनू सूद के प्रोडक्शन हाउस जाकर उनसे मुलाकात की. वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों एक साथ बाहर आते हैं, एक-दूसरे को गले लगाते हैं और कैमरों के सामने मुस्कुराते हुए पोज देने के बाद वहां से रवाना हो जाते हैं.

राजपाल यादव ने दिया था चौंकाने वाला बयान

गौरतलब है कि पिछले महीने फरवरी में दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में खुद को सरेंडर कर दिया था. इसी दौरान सोनू सूद उन पहले लोगों में शामिल थे जिन्होंने सोशल मीडिया पर राजपाल के समर्थन में ट्वीट किया था. उन्होंने यहां तक कहा था कि वह अपनी फिल्म में राजपाल को कास्ट करने के बारे में सोच रहे हैं और अन्य लोगों से भी उन्हें एडवांस पेमेंट देकर मदद करने की अपील की थी.

सोनू सूद की इस पहल के बाद कई सेलेब्रिटी भी आगे आए और राजपाल यादव की मदद की पेशकश की. हालांकि, जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव के बयान ने सभी को हैरान कर दिया. उन्होंने कहा कि यह गलतफहमी है कि उनके पास काम नहीं है. राजपाल ने यह भी दावा किया कि आने वाले सालों में उनके पास करीब 1200 करोड़ रुपये का काम है और इंडस्ट्री में आने के बाद से उन्हें कभी काम की कमी नहीं हुई.

सोनू सूद और राजपाल यादव की मुलाकात

राजपाल यादव के इस बयान पर सोनू सूद ने भी प्रतिक्रिया दी थी. सोनू ने साफ किया था कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि राजपाल के पास काम नहीं है. उन्होंने केवल एडवांस भुगतान के जरिए मदद करने की बात कही थी.

इन बयानों के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों अभिनेता शायद साथ नजर न आएं. लेकिन अब राजपाल यादव वर्सोवा स्थित सोनू सूद के प्रोडक्शन हाउस शक्ति सागर पहुंचे और दोनों की मुलाकात हुई. मुलाकात के बाद दोनों ने पैपराजी के सामने पोज भी दिए.

इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, यह मीटिंग किसी नई फिल्म से जुड़ी थी या किसी और कारण से हुई, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है. दोनों अभिनेताओं को साथ देखकर फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं.

मदद करने वालों के पैसे लौटाएंगे राजपाल

राजपाल यादव फिलहाल चेक बाउंस मामले में बेल पर जेल से बाहर हैं. उन पर करीब 9 करोड़ रुपये का कर्ज बताया जा रहा है. हाल ही में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजपाल यादव ने इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखते हुए उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने मुश्किल समय में उनका साथ दिया. उन्होंने यह भी कहा कि वह मदद करने वाले सभी लोगों के पैसे लौटाएंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag