score Card

396 अरब साल में पहली बार! आसमान में एक कतार में होंगे 7 ग्रह, जानें प्लैनेट परेड के बारे में सबकुछ

Planet Parade: 21 जनवरी से 8 मार्च तक आसमान में 6 ग्रह एक कतार में नजर आएंगे. इसे "प्लैनेट परेड" कहा जाता है. भारत में यह नजारा सूर्यास्त के बाद साफ आसमान में देखा जा सकेगा. शुक्र, मंगल, शनि और बृहस्पति सामान्य आंखों से दिखेंगे, जबकि नेपच्यून और यूरेनस को टेलिस्कोप से देखना होगा.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Planet Parade: आसमान में आज एक अद्भुत खगोलीय घटना होने जा रही है. इसे "प्लैनेट परेड" या "ग्रहों की परेड" कहा जाता है. इस दौरान सौरमंडल के कई ग्रह एक कतार में नजर आएंगे. यह नजारा दुर्लभ और बेहद खास है, जिसे देखना एक यादगार अनुभव होगा. ग्रहों की यह परेड सूर्यास्त के बाद दिखाई देगी और खास बात यह है कि इसे सामान्य आंखों से भी देखा जा सकेगा.

प्लैनेट परेड कोई आम घटना नहीं है. इसमें एक समय पर कई ग्रह एक ही दिशा में नजर आते हैं. 21 जनवरी से शुरू होने वाली यह परेड 8 मार्च तक चलेगी, जिसमें शुक्र, शनि, बृहस्पति, मंगल, नेपच्यून और यूरेनस जैसे ग्रह अपनी चमक बिखेरेंगे. आइए, इस दुर्लभ खगोलीय घटना की हर जरूरी जानकारी पर एक नजर डालते हैं.

क्या है प्लैनेट परेड?

सौरमंडल के ग्रह हमेशा सूर्य के चारों ओर अपनी कक्षा में घूमते रहते हैं. जब कुछ ग्रह थोड़े समय के लिए सूर्य के एक तरफ एकत्र हो जाते हैं और लगभग एक सीध में नजर आते हैं, तो इस घटना को प्लैनेट परेड या प्लैनेटरी अलाइनमेंट कहते हैं.

ग्रहों की स्थिति और समय

अमेरिकी वेबसाइट स्टारवॉक के अनुसार, यह परेड 21 जनवरी को सूर्यास्त के तुरंत बाद शुरू होगी. इस दौरान शुक्र, शनि, बृहस्पति, मंगल, नेपच्यून और यूरेनस एक साथ नजर आएंगे. हालांकि ये पूरी तरह से सीधी लाइन में नहीं होंगे, बल्कि कुछ डिग्री ऊपर-नीचे रहेंगे.

फ्लोरिडा के बिशप म्यूजियम ऑफ साइंस एंड नेचर के प्लेनेटेरियम सुपरवाइजर हन्ना स्पार्क्स ने कहा, "वे एकदम सीधी रेखा में नहीं होंगे, लेकिन सूर्य के एक तरफ एक-दूसरे के काफी करीब नजर आएंगे."

किन ग्रहों को देख पाएंगे?

शुक्र, मंगल, बृहस्पति और शनि को आप सामान्य आंखों से देख पाएंगे. नेपच्यून और यूरेनस को आप टेलिस्कोप से देख सकेंगे. इस दौरान शुक्र सबसे चमकीला नजर आएगा, जबकि मंगल लाल रंग के बिंदु जैसा दिखाई देगा. शनि धुंधला और बृहस्पति सफेद बिंदु के रूप में नजर आएगा.

भारत में नजर आएगी प्लैनेट परेड?

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स के अनुसार, इस परेड को भारत में 21 जनवरी से 13 फरवरी तक देखा जा सकेगा.
बेंगलुरु एस्ट्रोनॉमी क्लब के फाउंडर विजय कपूर ने बताया कि 21 जनवरी को शाम 7:30 बजे यह नजारा सबसे अद्भुत रहेगा. इसे घर की छत, ऊंची बिल्डिंग या किसी अंधेरे स्थान से आसानी से देखा जा सकता है.

कैसे देखें यह अद्भुत नजारा?

  1. किसी शहर से दूर, साफ और अंधेरे वाले स्थान पर जाएं.

  2. प्लेनेट परेड को देखने के लिए स्टार वॉक, स्टेलेरियम या स्काई पोर्टल जैसे मोबाइल ऐप्स का इस्तेमाल करें.

  3. बेहतर अनुभव के लिए टेलिस्कोप का इस्तेमाल करें.

क्या यह 396 अरब साल में पहली बार हो रहा है?

फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दावा गलत है. यूनिवर्स को बने केवल 13.8 अरब साल हुए हैं. इसलिए यह घटना 396 अरब साल में पहली बार होने का दावा खारिज हो चुका है. हालांकि, ग्रहों का एक साथ आना एक दुर्लभ और खूबसूरत खगोलीय घटना है.

अगली प्लैनेट परेड कब होगी?

यह परेड 25 जनवरी और 20 फरवरी को भी दिखाई देगी. 8 मार्च को यह परेड खत्म होगी. इस आखिरी परेड में मंगल, बृहस्पति, शुक्र, यूरेनस, नेपच्यून और बुध ग्रह शामिल होंगे.

calender
21 January 2025, 01:05 PM IST

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag