score Card

धोनी की मेहनत देख हर कोई हैरान! हरभजन सिंह ने किया खुलासा... मैदान पर सबसे पहले आते हैं, सबसे आख़िर में जाते हैं'

महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट से संन्यास के बाद भी उतनी ही मेहनत कर रहे हैं, जितनी पहले किया करते थे. हरभजन सिंह ने बताया कि धोनी रोज़ाना 2-3 घंटे बैटिंग की प्रैक्टिस कर रहे हैं और उनकी फिटनेस देखकर हर कोई हैरान है. इस उम्र में भी वो मैदान पर सबसे पहले आते हैं और सबसे आखिर में जाते हैं. लेकिन आखिर धोनी इतनी मेहनत क्यों कर रहे हैं? क्या IPL 2025 में कुछ बड़ा होने वाला है? जानने के लिए पूरी खबर ज़रूर पढ़ें!

Aprajita
Edited By: Aprajita

MS. Dhoni Hard Work: महेंद्र सिंह धोनी यानी वो नाम जो भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा गया है. मैदान पर उनकी शांति, खेल पर उनकी पकड़ और आखिरी ओवरों में उनकी धुआंधार बल्लेबाजी किसी से छिपी नहीं है. भले ही उन्होंने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया हो, लेकिन IPL में उनकी मौजूदगी आज भी लोगों को रोमांचित करती है. IPL 2025 के लिए भी धोनी पूरी तैयारी में जुटे हुए हैं और उनकी मेहनत का खुलासा किया है पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने.

हरभजन ने की धोनी की जमकर तारीफ

हरभजन सिंह ने हाल ही में बताया कि धोनी इस उम्र में भी खुद को फिट रखने के लिए जबरदस्त मेहनत कर रहे हैं. ESPNcricinfo से बातचीत में भज्जी ने कहा, "मैं हाल ही में अपने एक दोस्त की बेटी की शादी में धोनी से मिला था. वो बहुत फिट और मजबूत दिख रहे थे. मैंने उनसे मजाक में पूछा कि इस उम्र में भी आप इतना खेल रहे हैं, क्या यह मुश्किल नहीं है? इस पर धोनी ने कहा, 'हां, यह कठिन है, लेकिन यही एक चीज है जिससे मुझे खुशी मिलती है. मैं इसे करना चाहता हूं और मैदान पर रहना चाहता हूं.'"

चेन्नई में रोजाना कर रहे हैं घंटों प्रैक्टिस

हरभजन सिंह ने खुलासा किया कि धोनी आईपीएल 2025 के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं. वे चेन्नई में हर दिन 2-3 घंटे बल्लेबाजी की प्रैक्टिस कर रहे हैं. भज्जी ने कहा, 'धोनी मैदान में सबसे पहले पहुंचते हैं और सबसे आखिर में निकलते हैं. उनकी टाइमिंग और बैटिंग फ्लो शानदार दिख रहा है. वो सिर्फ मैदान में टिकने के लिए नहीं खेल रहे, बल्कि अब भी गेंदबाजों पर हावी हो रहे हैं.'

रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में खेलेंगे धोनी

IPL 2024 से पहले धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी थी और अब टीम की कमान युवा बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ के हाथों में है. हालांकि, धोनी अभी भी टीम के लिए बतौर खिलाड़ी खेलते रहेंगे और उनका अनुभव टीम के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा.

IPL में सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं धोनी

धोनी IPL के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं. उनके नेतृत्व में सीएसके ने पांच बार IPL ट्रॉफी जीती है और टीम लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करती आई है. 2008 से 2019 तक, CSK हर सीजन में प्लेऑफ तक पहुंची थी. इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी धोनी ने 2021 और 2023 में चेन्नई को IPL ट्रॉफी दिलाई.

मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगी शुरुआत

चेन्नई सुपर किंग्स IPL 2025 का अपना पहला मुकाबला 23 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी. फैंस को एक बार फिर मैदान पर धोनी का जलवा देखने को मिलेगा.महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक इमोशन हैं. उनकी मेहनत, फिटनेस और खेल के प्रति जुनून आज भी उन्हें खास बनाता है. अब देखना होगा कि क्या वो इस बार भी अपने शानदार प्रदर्शन से CSK को एक और ट्रॉफी दिला पाएंगे!

calender
18 March 2025, 07:37 PM IST

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag