इमरान खान के इलाज के लिए नई मुहिम...कपिल देव, सुनील गवास्कर सहित 14 दिग्गजों ने PAK सरकार को लिखी चिट्ठी

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेट के दिग्गज इमरान खान की जेल में सेहत बिगड़ने की खबरों ने क्रिकेट जगत को हिला दिया है. 14 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर इमरान को तुरंत बेहतर इलाज, परिवार से मिलने की इजाजत और निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया देने की मांग की है. यह अपील खेल की भावना और मानवता के आधार पर की गई है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

स्पोर्ट्स् : क्रिकेट के मैदान से राजनीति तक, इमरान खान ने हमेशा अपनी बहादुरी और नेतृत्व से सबको प्रभावित किया है. 1992 विश्व कप जीतने वाले इस महान ऑलराउंडर की जेल में आंखों की रोशनी कम होने और सेहत खराब होने की रिपोर्ट्स ने दुनिया भर के पूर्व कप्तानों को चिंतित कर दिया है. सुनील गावस्कर, कपिल देव जैसे भारतीय दिग्गजों समेत 14 पूर्व कप्तानों ने एक खुला पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने इमरान के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार और उचित चिकित्सा की गुहार लगाई है. यह कदम क्रिकेट की एकजुटता और मानवीय मूल्यों को दर्शाता है.

इमरान की सेहत पर गंभीर चिंता

आपको बता दें कि जेल में ढाई साल से बंद इमरान खान की हालिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि उनकी दाहिनी आंख की रोशनी में 85 प्रतिशत तक कमी आई है. परिवार और समर्थकों का आरोप है कि समय पर इलाज नहीं मिलने से हालत बिगड़ी. पूर्व कप्तानों ने इसे बहुत गंभीर माना और कहा कि ऐसी स्थिति किसी भी पूर्व राष्ट्रीय नेता के साथ नहीं होनी चाहिए.

14 दिग्गजों का संयुक्त पत्र

यह पत्र ग्रेग चैपल ने तैयार किया, जिस पर सुनील गावस्कर, कपिल देव, एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, माइकल अथर्टन, नासिर हुसैन, माइकल ब्रियर्ली, डेविड गॉवर, किम ह्यूज, क्लाइव लॉयड और जॉन राइट के हस्ताक्षर हैं. ये सभी पांच टेस्ट खेलने वाले देशों से हैं, लेकिन पाकिस्तान का कोई पूर्व कप्तान इसमें शामिल नहीं.

मांगें और अपील का आधार

पूर्व कप्तानों ने मांग की है कि इमरान को अपनी पसंद के डॉक्टरों से तुरंत इलाज मिले, परिवार से नियमित मुलाकात हो और कानूनी प्रक्रिया बिना देरी के निष्पक्ष चले. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अपील किसी कानूनी हस्तक्षेप के लिए नहीं, बल्कि खेल की फेयर प्ले भावना और मानवता के नाते है. क्रिकेट हमेशा देशों को जोड़ता रहा है.

क्रिकेट जगत की एकजुटता

पिछले हफ्ते पाकिस्तान के वसीम अकरम, वकार यूनुस और शाहिद अफरीदी जैसे पूर्व क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर इमरान के लिए बेहतर इलाज की मांग की थी. अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह आवाज बुलंद हुई है, जो इमरान के क्रिकेट योगदान और 1992 विश्व कप की याद दिलाती है. यह घटना दिखाती है कि खेल के मैदान से बाहर भी सम्मान और गरिमा बरकरार रहनी चाहिए.

खेल भावना का संदेश

पूर्व कप्तानों ने पत्र में लिखा कि क्रिकेट में मुकाबला स्टंप्स गिरने के साथ खत्म होता है, लेकिन सम्मान हमेशा बना रहता है. इमरान ने अपने करियर में इसी भावना को निभाया. अब समय है कि पाकिस्तान सरकार भी न्याय और शालीनता के सिद्धांतों का पालन करे. यह अपील पूरी क्रिकेट दुनिया के लिए एकजुटता का प्रतीक है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag