जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में एंट्री मारकर ऑस्ट्रेलिया के सपनों पर फेरा पानी, कंगारूओं के साथ 17 साल बाद हुआ ऐसा
टी20 विश्व कप 2026 में जिम्बाब्वे ने इतिहास रचते हुए पहली बार सुपर-8 में अपनी जगह बनाई है. वहीं ऑस्ट्रेलिया को झटका लगा है. ऑस्ट्रेलिया 17 साल बाद सुपर-8 दौर में पीछे छूट गई है.

IRE vs ZIM: टी20 विश्व कप 2026 में जिम्बाब्वे ने एक बड़ा इतिहास रच दिया है. सिकंदर रजा की कप्तानी वाली यह टीम पहली बार सुपर-8 दौर में पहुंच गई है. यह उपलब्धि उनके लिए बेहद खास है क्योंकि इससे पहले वे इतने आगे कभी नहीं पहुंच पाए थे. ग्रुप बी में बारिश ने मैच रद्द कर दिया, जिससे जिम्बाब्वे को अगले दौर का टिकट मिल गया.
बारिश ने बदला मैच का रुख
पल्लेकेले में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच ग्रुप बी का महत्वपूर्ण मैच मंगलवार को खेला जाना था, लेकिन लगातार बारिश की वजह से टॉस भी नहीं हो सका और मैच पूरी तरह रद्द हो गया. दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला.
इस नतीजे से जिम्बाब्वे के खाते में तीन मैचों में कुल पांच अंक हो गए. सह-मेजबान श्रीलंका पहले ही 6 अंकों के साथ सुपर-8 में जगह बना चुका है. वहीं आयरलैंड के चार मैचों में सिर्फ 2 अंक रह गए और उनकी उम्मीदें खत्म हो गई.
ऑस्ट्रेलिया की 17 साल पुरानी याद ताजा
ऑस्ट्रेलिया के लिए यह झटका बहुत बड़ा है. 2021 के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 17 साल बाद टी20 विश्व कप के ग्रुप स्टेज से बाहर हो गए हैं. उनकी उम्मीदें आयरलैंड की जीत पर टिकी थी, लेकिन बारिश ने सब कुछ बदल दिया. ऑस्ट्रेलिया ने अब तक तीन मैच खेले हैं और सिर्फ 2 अंक जुटाए हैं. उनका एकमात्र जीत आयरलैंड के खिलाफ मिली थी.
बाकी दो मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. श्रीलंका ने उन्हें 8 विकेट से हराया, जबकि जिम्बाब्वे ने 23 रनों से शिकस्त दी. अब उनका आखिरी मैच ओमान के खिलाफ है, लेकिन जीतने पर भी वे अधिकतम 4 अंक तक पहुंच पाएंगे, जो सुपर-8 के लिए काफी नहीं है.
चोटों से जूझ रही ऑस्ट्रेलियाई टीम इस बार कमजोर दिखी. उनके प्रमुख तेज गेंदबाज पैट कमिंस और जोश हेजलवुड उपलब्ध नहीं थे. इससे टीम का प्रदर्शन प्रभावित हुआ और वे ग्रुप से बाहर हो गए.
जिम्बाब्वे का शानदार प्रदर्शन
जिम्बाब्वे की टीम ने टूर्नामेंट में कमाल दिखाया है. उन्होंने पहले मैच में ओमान को सिर्फ 103 रन पर ढेर किया. उनके तीन तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस ने तीन-तीन विकेट लिए. बल्लेबाजी में ब्रायन बेनेट ने नाबाद 48 रन बनाए और टीम ने 8 विकेट से जीत हासिल की. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उन्होंने धमाकेदार खेल दिखाया.
उन्होंने 2 विकेट पर 169 रन बनाए और फिर कंगारुओं को 146 रन पर रोक दिया. बेनेट ने फिर नाबाद 64 रन की पारी खेली. मुजरबानी ने 4 और इवांस ने 3 विकेट चटकाए. यह जीत उनके लिए बड़ा उलटफेर साबित हुई.
अब जिम्बाब्वे का आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ है. हालांकि सुपर-8 में उनकी जगह पक्की हो चुकी है, लेकिन वे अच्छे प्रदर्शन के साथ आगे बढ़ना चाहेंगे.


