Salim Khan Health Update: सलमान खान के पिता ICU में हुए शिफ्ट, तबियत को लेकर एक और बड़ी जानकारी आई सामने
सलमान खान के पिता सलीम खान की तबियत को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है. 90वर्षीय प्रसिद्ध स्क्रीनराइटर को ICU में शिफ्ट किया गया है. साथ ही डॉक्टर ने एक बड़ी उपडेट भी साझा की है.

महाराष्ट्र: हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध स्क्रीनराइटर सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है. 90 साल के सलीम खान को 17 फरवरी 2026 की सुबह मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्हें इमरजेंसी में लाया गया और जल्द ही ICU में शिफ्ट कर दिया गया. इस खबर से बॉलीवुड और उनके लाखों फैंस चिंतित हैं. ऐसे में उनकी तबियत को लेकर एक बड़ी उपडेट सामने आई है.
अस्पताल में भर्ती होने की वजह
सलीम खान को सुबह करीब 8:30 बजे उनके फैमिली डॉक्टर डॉ. संदीप चोपड़ा ने अस्पताल पहुंचाया. रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें चक्कर आना (गिड्डीनेस) महसूस हुआ था. कुछ रिपोर्ट्स में ब्लड क्लॉट की बात भी कही गई है, लेकिन अस्पताल ने अभी आधिकारिक कारण नहीं बताया. डॉक्टरों ने तुरंत जांच शुरू की और उन्हें ICU में रखा गया.
सलीम खान की हेल्थ अपडेट
लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. टीम में न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनय चव्हाण, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजीत मेनन, न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे और डॉ. बिनीत आहलूवालिया शामिल हैं. अस्पताल ने बताया कि सलीम खान की हालत फिलहाल स्थिर (स्टेबल) है.
वे क्लोज ऑब्जर्वेशन में हैं और डॉक्टर उनकी हर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. परिवार की इच्छा पर ज्यादा डिटेल्स अभी शेयर नहीं की जा रही हैं. अस्पताल ने कहा है कि कल सुबह 11 बजे परिवार की सहमति से प्रेस बुलेटिन जारी किया जाएगा.
शूटिंग छोड़ अस्पताल पहुंचे सलमान खान
खबर मिलते ही सुपरस्टार सलमान खान ने अपनी शूटिंग रोक दी और तुरंत अस्पताल पहुंचे. उनके साथ अरबाज खान, सोहेल खान, अलवीरा अग्निहोत्री, अयान अग्निहोत्री और अन्य परिवारजन भी पहुंचे. सभी के चेहरे पर चिंता साफ दिख रही थी. सलमान और परिवार वाले पिता के पास बैठे रहे. फैंस सोशल मीडिया पर सलीम खान के जल्द ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं.
सलीम खान का जीवन
सलीम खान का जन्म 1935 में मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था. उन्होंने 1964 में सुशीला चरक से शादी की, जिनका नाम बाद में सलमा रखा गया. इस शादी से सलमान, अरबाज, सोहेल और अलवीरा हुए. बाद में उन्होंने हेलेन से दूसरी शादी की और अर्पिता को गोद लिया.
सलीम-जावेद जोड़ी ने 1970 के दशक में बॉलीवुड को नया रूप दिया. 'शोले', 'दीवार', 'जंजीर', 'डॉन', 'त्रिशूल' जैसी क्लासिक फिल्मों के डायलॉग और कहानी उनके नाम से जुड़ी हैं.


