ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर को मिला खेल रत्न अवार्ड, डी गुकेश, हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार भी हुए सम्मानित
पेरिस ओलंपिक की डबल मेडलिस्ट मनु भाकर, सबसे कम उम्र में वर्ल्ड चेस चैंपियन बने डी गुकेश, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को राष्ट्रपति भवन में एक सम्मान समारोह में खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.

दो ओलंपकि मेडल विजेता निशानेबाज मनु भाकर को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान दिया. इसके अलावा चेस चैम्पियन डी गुकेश को ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड 2024 से नवाजा. मनु-गुकेश के साथ-साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा-एथलीट प्रवीण कुमार को भी खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए इसी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
मनु भाकर को मिला खेल रत्न सम्मान
मनु भाकर सबसे आखिरी एथलीट रही, जिन्हें खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. तालियों की जोरदार गड़गड़ाहट के बीच जब मनु भाकर पदक लेने आईं, तब उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही थी. मनु भाकर ने 22 साल की उम्र में पेरिस 2024 ओलंपिक में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था और वो शूटिंग में पदक जीतने वाली पहली एथलीट बनी थीं. मनु भाकर ने इसके बाद सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था. मनु भाकर भारतीय इतिहास में आजादी के बाद से एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली एथलीट बनी थीं.
पैरा-एथलेटिक्स प्रवीण कुमार को मिला सम्मान
इसके अलावा पैरा एथलीट प्रवीण ने पेरिस पैरालंपिक्स में T64 श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था. यह श्रेणी उन खिलाड़ियों के लिए है जो कृत्रिम पैरों की सहायता से प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं. प्रवीण उन चार एथलीटों में से एक हैं, जिन्हें खेल रत्न अवॉर्ड मिला है. प्रवीण कुमार ने एशियाई रिकॉर्ड के साथ पुरुषों की ऊंची कूद टी64 वर्ग में गोल्ड अपने नाम किया था. 21 वर्षीय भारतीय पैरा-एथलीट ने अपने दूसरे पैरालंपिक पदक के लिए फाइनल में 2.08 मीटर की दूरी तय की. उन्होंने टोक्यो 2020 में रजत पदक जीता था.
हरमनप्रीत सिंह को मिला खेल रत्न
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को 2024 के लिए खेल रत्न अवॉर्ड दिया गया. भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेरिस ओलंपिक में अपनी टीम को पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने 10 गोल के साथ टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर का खिताब भी अपने नाम किया था.
डी गुकेश को मिला सम्मान
18 वर्षीय गुकेश ने इतिहास रचते हुए विश्व शतरंज चैंपियन का खिताब जीता. उन्होंने चीन के गत चैंपियन डिंग लीरेन को हराकर सबसे कम उम्र में वर्ल्ड़ चेस चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रचा. गुकेश को राष्ट्रपति से सम्मान मिला. गुकेश समारोह के दौरान सम्मान पाने वाले पहले एथलीट रहे.
32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार
इसके साथ ही 32 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड मिला. वहीं लाइफटाइम कैटेगरी में सुच्चा सिंह और पैरा स्विमर मुरलीकांत राजाराम पेटकर को अर्जुन अवॉर्ड दिया गया. जबकि बैडमिंटन कोच एस मुरलीधरन और फुटबॉल कोच अरमांडो एग्नेलो कोलाको को द्रोणाचार्य सम्मान से सम्मानित किया गया.


