अपार विवादों के बीच T20 वर्ल्ड कप का आगाज आज से, पहले दिन होंगे तीन मैच
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज आज से हो रहा है. उद्घाटन दिवस पर कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे. जानिए आज किन-किन टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे.

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी, शनिवार से होने जा रहा है. इस टूर्नामेंट की मेजबानी इस बार भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं. प्रतियोगिता में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, लेकिन मैदान पर क्रिकेट से ज्यादा चर्चा टूर्नामेंट शुरू होने से पहले उठे राजनीतिक विवादों और ऑफ-फील्ड ड्रामे की हो रही है.
बांग्लादेश का भारत में खेलने से इनकार
टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों और तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान के आईपीएल अनुबंध से जुड़े विवाद का हवाला दिया. इस फैसले के बाद मामला और तूल पकड़ गया, जब पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ अपने मैच के बहिष्कार का ऐलान कर दिया. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस निर्णय का समर्थन किया, जिससे क्रिकेट और राजनीति के टकराव की तस्वीर साफ नजर आने लगी.
इन तमाम विवादों के बीच टूर्नामेंट का पहला दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है. उद्घाटन दिवस पर कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे. पहला मैच सुबह 11 बजे से पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाएगा. ये दोनों टीमें ग्रुप-ए का हिस्सा हैं. दूसरा मुकाबला दोपहर 3 बजे से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच होगा, जो ग्रुप-सी में शामिल हैं. दिन का सबसे बहुप्रतीक्षित मैच शाम 7 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और अमेरिका के बीच खेला जाएगा, जिस पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी रहेंगी.
अगर मैदान की बात करें तो टीम इंडिया इस समय सबसे संतुलित और मजबूत नजर आ रही है. बल्लेबाजी में गहराई, गेंदबाजी में विविधता और फील्डिंग में चुस्ती भारत को बाकी टीमों से अलग बनाती है. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि भारत को हराने के लिए किसी भी टीम को असाधारण प्रदर्शन करना होगा या फिर भारत को खुद ही बड़ी चूक करनी पड़ेगी. यदि टीम इंडिया यह वर्ल्ड कप जीतती है तो इसे अपेक्षित परिणाम माना जाएगा, जबकि उसकी हार को एक बड़े उलटफेर के रूप में देखा जाएगा.
भारत के अलावा अन्य दावेदार कौन?
अन्य मजबूत दावेदारों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और श्रीलंका की टीमें खिताबी दौड़ में शामिल हैं. ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी भले ही दमदार हो, लेकिन उसके तेज गेंदबाजी आक्रमण में अनुभव की कमी चिंता का विषय हो सकती है. इंग्लैंड अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है, जबकि दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी को दुनिया की सबसे खतरनाक यूनिट्स में गिना जाता है. न्यूजीलैंड उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में खुद को अच्छी तरह ढाल चुका है और श्रीलंका घरेलू मैदानों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगा.
एसोसिएट टीमों में नेपाल सबसे ज्यादा सुर्खियों में है. ऑलराउंडर दीपेंद्र सिंह ऐरी पर खास नजर रहेगी, जो 9 गेंदों में अर्धशतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं. इसके अलावा अमेरिका और इटली जैसी टीमें भी इस टूर्नामेंट में नई और रोचक कहानियां गढ़ने की क्षमता रखती हैं.


