IPL 2026 Auction: कौन हैं प्रशांत वीर, जिनके लिए नीलामी में भिड़ गई CSK? लगा डाली 14.20 करोड़ की बोली
IPL 2026 Auction: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में उत्तर प्रदेश के युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर की एंट्री हो गई है. CSK ने 14.20 करोड़ रुपये में खरीद लिया है.

IPL 2026 Auction: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में उत्तर प्रदेश के युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर ने सबको हैरान कर दिया. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में खरीद लिया. इस कीमत के साथ प्रशांत आईपीएल के इतिहास में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए.
इससे पहले यह रिकॉर्ड आवेश खान के नाम था, जिन्हें 2022 में 10 करोड़ में खरीदा गया था. प्रशांत का बेस प्राइस सिर्फ 30 लाख रुपये था, लेकिन बोली वार में सीएसके ने सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़ दिया.
प्रशांत वीर कौन हैं ?
प्रशांत वीर उत्तर प्रदेश के अमेठी से आने वाले 20 साल के युवा क्रिकेटर हैं. वे लेफ्ट-आर्म स्पिन गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हैं और बल्ले से भी ताबड़तोड़ हिटिंग कर सकते हैं. प्रशांत ने अपना टी20 डेब्यू 2023 में उत्तर प्रदेश की टीम से किया था.
वे मिडिल ऑर्डर में तेज रन बनाने और किफायती स्पिन गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं. सीएसके ने उन्हें रवींद्र जडेजा की जगह लंबे समय के विकल्प के रूप में देखा है, क्योंकि जडेजा को ट्रेड कर दिया गया था.
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
प्रशांत वीर की पहचान सबसे पहले उत्तर प्रदेश टी20 लीग (UP T20) में नोएडा सुपर किंग्स की टीम से हुई. वहां उन्होंने 10 मैचों में 320 रन बनाए और 8 विकेट लिए. उनका स्ट्राइक रेट 155 से ज्यादा रहा, जो उनकी पावर हिटिंग दिखाता है.
इसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में प्रशांत ने कमाल कर दिया. 7 मैचों में उन्होंने 169 के करीब स्ट्राइक रेट से 112 रन बनाए और 9 विकेट चटकाए. उनकी इकोनॉमी रेट सिर्फ 6.76 रही, जो टी20 में बेहतरीन है. इन प्रदर्शनों ने आईपीएल टीमों की नजरें उन पर डाल दीं. सीएसके ने तो उन्हें ट्रायल में भी बुलाया था.
CSK के लिए क्यों खास चुनाव ?
प्रशांत बल्ले और गेंद दोनों से मिडिल ओवर्स में उपयोगी साबित हो सकते हैं. उनकी लेफ्ट-आर्म स्पिन टीम को वैरायटी देगी और नीचे के क्रम में तेज रन बनाने की क्षमता CSK की रणनीति में फिट बैठती है.
सिर्फ 20 साल की उम्र में इतनी बड़ी रकम मिलना उनके भविष्य की झलक दिखाता है. प्रशांत अब आईपीएल में डेब्यू करने के लिए तैयार हैं और फैंस को उम्मीद है कि वे सीएसके को मजबूत बनाएंगे.


