15 अगस्त के दिन सुबह कितने बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो? देखें पूरा शेड्यूल

15 अगस्त को 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए दिल्ली में सुरक्षा, ट्रैफिक और मेट्रो सेवाओं में खास बदलाव किए गए हैं. सभी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं सामान्य से पहले शुरू होंगी और लाल किले के आसपास सख्त यातायात पाबंदियां रहेंगी.

Simran Sachdeva

Independence Day 2025: 15 अगस्त को देश 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाने जा रहा है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस अवसर पर सुरक्षा, यातायात और मेट्रो सेवाओं में विशेष इंतजाम किए गए हैं. लाल किले पर होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन देशभर में सुनने का इंतजार है.

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कार्यक्रम के मद्देनजर खास बदलाव लागू किए हैं. सुबह से ही शहर में सुरक्षा के कड़े पहरे होंगे और लोगों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए मेट्रो की टाइमिंग बदली गई है.

सुबह 4 बजे से शुरू होंगी मेट्रो सेवाएं

डीएमआरसी के मुताबिक, 15 अगस्त को सभी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं सामान्य से पहले यानी सुबह 4 बजे से शुरू होंगी. ये बदलाव मुख्य रूप से लाल किले के समारोह में आने वाले विशेष मेहमानों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए किया गया है.

  • सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच: ट्रेनें हर 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी.

  • सुबह 6 बजे के बाद: मेट्रो अपनी नियमित समय-सारणी के अनुसार संचालित होगी.

किन्हें मिलेगा मुफ्त मेट्रो सफर का लाभ

स्वतंत्रता दिवस पर रक्षा मंत्रालय के वैध निमंत्रण पत्र धारकों को डीएमआरसी की ओर से विशेष पास दिए जाएंगे. इन पास के माध्यम से यात्री दिल्ली मेट्रो में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे. इस यात्रा का किराया रक्षा मंत्रालय खुद वहन करेगा. लाल किले के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन- जामा मस्जिद और दिल्ली गेट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था तैनात रहेगी.

ट्रैफिक में सख्ती और वैकल्पिक मार्ग

  • दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लाल किले के आसपास कड़ी यातायात पाबंदियां लगाई हैं.

  • कई सड़कों पर केवल पास धारकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी.

  • भारी वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक रहेगी.

आम जनता से अपील की गई है कि वे इंडिया गेट, तिलक मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, मथुरा रोड, निजामुद्दीन खत्ता और सालमगढ़ बाईपास जैसे रास्तों से बचें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो