पंजाब के लोगों को बड़ी राहत, 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने वापस ली हड़ताल

पंजाबवासियों के लिए एक राहत भरी खबर है कि प्रदेश के 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने एक हफ्ते से चल रही अपनी हड़ताल वापस ले ली है।

Saurabh Dwivedi
Saurabh Dwivedi

पंजाबवासियों के लिए एक राहत भरी खबर है कि प्रदेश के 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने एक हफ्ते से चल रही अपनी हड़ताल वापस ले ली है। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक के बाद  उन्होंने अपनी हड़ताल वापस ली है। बुधवार देर शाम को 108 एंबुलेंस इंप्लाइज एसोसिएशन की बैठक स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान मंत्री ने पदाधिकारियों को उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

बैठक के बाद 108 एंबुलेंस इंप्लाइज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनप्रीत सिंह निज्जर ने बताया कि बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने जल्द यूनियन की सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। इसमें कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी, निकाले गए एंबुलेंस कर्मियों को वापस लेना भी शामिल है। यूनियन की मांगों को लेकर बहुत जल्द पंजाब सरकार के चार कैबिनेट मंत्रियों की अध्यक्षता में एक और बैठक बुलाई जाएगी। इसमें कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, कुलदीप सिंह धालीवाल, अमन अरोड़ा और डॉ. बलबीर शामिल होंगे। बैठक में यूनियन की मांगों को मूर्त रूप देने के संबंध में चर्चा को अमली जामा पहनाया जाएगा।

बता दें कि पंजाब में 108 एंबुलेंस कर्मचारी करीब एक सप्ताह से हड़ताल पर थे। हड़ताल की वजह से पंजाब में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। बीमार लोगों को उनके परिजन अपने निजी वाहन या फिर ऑटो में लेकर हॉस्पिटल पहुंच रहे थे।

हड़ताली कर्मचारियों का आरोप था कि प्रदेश भर में 108 एंबुलेंस सेवा की 300 से ज्यादा एंबुलेंस से हैं लेकिन अफसोस इस बात का है कि राज्य में सरकार बदलने के बावजूद उनकी हालत में बदलाव नहीं आया और अभी भी उन्हें 9 हजार रुपये ही मासिक वेतन मिलता है। वो कई बार अधिकारियों को अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन दे चुके हैं। उनकी मांग थी कि अन्य राज्यों की तरह पंजाब में भी सरकार की ओर से 108 एंबुलेंस सेवा को ठेके पर देने की बजाय अपने अधिकार क्षेत्र में लाकर चलाया जाए और उसमें कार्यरत कर्मचारियों के वेतन बढ़ाए जाएं।

calender
20 January 2023, 04:32 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो