छत्तीसगढ़: ट्रक से टकराई कार, आर्मी डॉक्टर गगनदीप भाटिया की मौत
छत्तीसगढ़ के जिला बसना नगर के गौरव मेजर गगनदीप सिंह भाटिया (33 वर्ष) को गुरुवार को सैनिक सम्मान के साथ नगर में अंतिम विदाई दी गई। रायपुर से जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से अधिकारियों के नेतृत्व में सेना की टीम इसके लिए बसना पहुंची थीं

छत्तीसगढ़ के जिला बसना नगर के गौरव मेजर गगनदीप सिंह भाटिया (33 वर्ष) को गुरुवार को सैनिक सम्मान के साथ नगर में अंतिम विदाई दी गई। रायपुर से जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से अधिकारियों के नेतृत्व में सेना की टीम इसके लिए बसना पहुंची थीं। विधिवत सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कैप्टन अनुराग तिवारी ने माता-पिता को तिरंगा ध्वज सौंपा।
आपको बता दें कि 18 जनवरी को झारखंड के रांची में एक सड़क दुर्घटना में मेजर गगनदीप सिंह का निधन हुआ था। गगनदीप सिंह सेना में चिकित्सक थे। गगनदीप पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बसना आए थे, जहां से ड्यूटी ज्वाइन करने 18 जनवरी को रांची लौट रहे थे। परिजनों के मुताबिक उनकी कार घने कोहरे के कारण एक ट्रक से टकराई, गगनदीप ही कार चला रहे थे।
गगनदीप के निधन की सूचना से नगर और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शोक में गुरुवार को नगर पूर्णतः बंद रहा। व्यापारियों ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों में ताला लगाकर अपनी माटी के लाल को आखिरी सलामी दी। गुरुवार को गगनदीप का पार्थिव शरीर बसना पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब प्रेम निवास में उमड़ पड़ा।
मेजर गगनदीप सिंह भाटिया न केवल एक कुशल चिकित्सक थे, बल्कि अपनी जिंदादिली और सेवाभावी स्वभाव के लिए क्षेत्र में चर्चित थे। वर्तमान में गगनदीप भाटिया आर्मी हॉस्पिटल नामकुम रांची में कार्यरत थे। डॉक्टर गगनदीप भाटिया का पैतृक घर पंजाब बताया जा रहा है, लेकिन काफी दिनों से पूरे परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के रायपुर में घर बनाकर रह रहे थे।
आपको बता दें कि कर्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना में आर्मी डॉक्टर गगनदीप भाटिया (33 वर्ष) की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक गगनदीप भाटिया मंगलवार को अपनी कार MH 26-BC-8828 से रायपुर से रांची आ रहे थे। इसी क्रम में लोधमा पुलिस पिकेट के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर बालू लदे हाइवा से टकरा गई।
इस दुर्घटना में गगनदीप भाटिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी नाक और सिर से काफी खून बह रहा था। लोधमा पुलिस पिकेट के जवानों ने गगनदीप भाटिया को 108 एंबुलेंस से रात्रि करीब 11 से 12 बजे के बीच रिम्स रांची पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद गगनदीप भाटिया को मृत घोषित किया गया।


