'अब जो डेमोग्राफी बदलने की कोशिश करेगा, उसे...', संभल हिंसा मामले पर CM योगी का सख्त रुख

सीएम योगी आदित्यनाथ ने संभल हिंसा जांच रिपोर्ट के बाद साफ कहा कि कोई भी क्षेत्र की डेमोग्राफी बदलने की कोशिश नहीं करेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है.

Simran Sachdeva

CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल हिंसा की जांच रिपोर्ट आने के बाद अपना पहला बयान जारी किया है. सीएम योगी ने साफ कहा कि उनकी सरकार किसी भी क्षेत्र की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) को बदलने नहीं देगी और जो भी ऐसा करने की कोशिश करेगा, उसे खुद पलायन करना पड़ेगा. 

प्रतापगढ़ दौरे के दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उनका कहना था कि पूर्व की सरकारों में जानबूझकर हिंदुओं को निशाना बनाया जाता था और दंगे कराकर क्षेत्रों को 'हिंदू विहीन' बनाया जाता था. योगी सरकार अब किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.

प्रतापगढ़ में जनसभा और परियोजनाओं का शुभारंभ

प्रतापगढ़ पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. हेलीकाप्टर के माध्यम से पुलिस लाइन में उतरने के बाद उन्होंने सबसे पहले मावला देवी धाम के दर्शन किए. इसके बाद सीएम ने शहर के जीआईसी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया.

सीएम योगी ने प्रतापगढ़ वासियों को करीब 550 करोड़ रुपये की 116 परियोजनाओं की सौगात दी. उन्होंने प्रधानमंत्री आवासीय योजना के लाभार्थियों को चाबियां सौंपीं, छात्रों को लैपटॉप वितरित किए और योजना के लाभार्थियों को 25-25 हजार रुपये का ऋण चेक प्रदान किया.

डेमोग्राफी और कानून-व्यवस्था पर कड़ा रुख

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब डबल इंजन की सरकार है, जो किसी भी क्षेत्र की डेमोग्राफी को नहीं बदलने देगी. जो कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा, उसे खुद प्रदेश या जिले से पलायन करना पड़ेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब शासन की योजनाओं का लाभ हर नागरिक को बिना भेदभाव के मिलेगा.

सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारें दंगा कराकर और हिंदुओं को निशाना बनाकर क्षेत्रों की जनसांख्यिकी बदलती थीं. अब माफिया मुक्त प्रदेश के निर्माण के साथ ही बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.

माफिया मुक्त प्रदेश और सुरक्षा पर जोर

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले दंगा और अव्यवस्था का माहौल था, लेकिन अब प्रदेश माफिया मुक्त हो चुका है. उन्होंने ये भी कहा कि अगर कोई बेटी या बहन की इज्जत पर हाथ डालता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होती है. व्यापारी अब निर्भीक होकर अपने कारोबार में लगे हुए हैं और संतुष्टिकरण का स्तर बढ़ा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag