पिस्टल सटाकर जबरन रचाई शादी, रोते हुए थाने पहुंचा दुल्हा...फिर सामने आया पकड़ौआ विवाह का मामला

एक बार फिर बिहार से पकड़ौआ विवाह का मामला सामने आया है. गाय देखने गया युवक को अगवा कर जबरन शादी करा दी गई. रोते हुए दूल्हे ने पुलिस को अपनी आपबीती बताई है.

Sonee Srivastav

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गाय खरीदने के बहाने एक युवक को अगवा कर जबरन शादी करा दी गई. यह घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के डुमरिया खुर्द गांव के रहने वाले युवक मन्नयम कुमार के साथ हुई. सोशल मीडिया पर शादी के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें युवक को जबरदस्ती रस्में निभाते दिखाया जा रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

गाय दिखाने के बहाने अगवा किया

मन्नयम कुमार को 29 जनवरी को गाय खरीदने या दिखाने के बहाने सिराजपुर गांव ले जाया गया. वहां तीन-चार युवकों ने मिलकर हथियार (पिस्टल) दिखाकर उसे बंधक बना लिया. विरोध करने पर मारपीट की गई. आरोप है कि कमल कुमार राय नामक व्यक्ति ने पिस्टल सटाकर शादी के लिए दबाव बनाया.

रात करीब 11 बजे कुंदन कुमारी से जबरन विवाह करा दिया गया. वीडियो में दुल्हन गीत गाते हुए रस्में पूरी करती नजर आ रही है, जबकि युवक असहज दिख रहा है. 

परिवार ने पुलिस को दी शिकायत

जब मन्नयम के घरवालों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत परबत्ता थाने में शिकायत की. पुलिस ने युवक को लड़की के घर से छुड़ाया और वापस परिवार के पास पहुंचाया. मन्नयम ने थाने में आवेदन देकर अगवा, मारपीट और जबरन शादी का आरोप लगाया. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

शादी को लेकर लड़की का दावा

दूसरी ओर, कुंदन कुमारी ने कहा कि कोई जबरन शादी नहीं हुई. वह मन्नयम को पहले से जानती है. दोनों घर आते-जाते थे और फोन पर बात होती रहती थी. लड़की का कहना है कि शादी दोनों की मर्जी से हुई और थाने में दिया गया आवेदन झूठा है. उसने आरोपों को निराधार बताया. 

बिहार में पकड़ौआ विवाह की पुरानी प्रथा 

यह मामला बिहार में 'पकड़ौआ विवाह' की पुरानी प्रथा को फिर से उजागर करता है. कई जिलों जैसे खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर आदि में ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. अक्सर दहेज न दे पाने वाली लड़कियों के परिवार युवकों को अगवा कर जबरन शादी कराते हैं. हालांकि कानूनन यह अपराध है, लेकिन सामाजिक दबाव और डर के कारण कई मामले रिपोर्ट नहीं होते.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag