हिन्दू लड़की की मुस्लिम लड़के के साथ दोस्ती से गरमाया नैनीताल, पुलिस फोर्स तैनात
नैनीताल में एक बार फिर धार्मिक सौहार्द बिगड़ता नजर आया. एक हिंदू छात्रा द्वारा मुस्लिम युवक का समर्थन किए जाने पर बवाल मच गया है. मामूली पूछताछ के मामले ने देखते ही देखते साम्प्रदायिक रंग ले लिया. पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की.

Nainital Hindu Muslim clash: नैनीताल में एक बार फिर धार्मिक सौहार्द बिगड़ता नजर आ रहा है. एक हिन्दू लड़की और मुस्लिम लड़के की दोस्ती को लेकर विवाद ने साम्प्रदायिक रंग ले लिया है. शहर के सूखाताल निवासी मुस्लिम युवक हनी नवाब से पूछताछ के दौरान जब एक हिन्दू छात्रा उसका समर्थन करती हुई कोतवाली पहुंची, तो मामला और भी गरमा गया. देखते ही देखते कोतवाली के बाहर हिंदूवादी संगठनों की भीड़ जमा हो गई. जिसके बाद पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी.
पुलिस द्वारा स्थिति को संभालने की कोशिशों के बावजूद, दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से तनाव और बढ़ गया. यह मामला एक साधारण पूछताछ से शुरू होकर साम्प्रदायिक टकराव में तब्दील हो गया. हालांकि, पुलिस ने लड़के को घर भेज दिया है. वहीं, लड़की को महिला कांस्टेबल की निगरानी में रखा गया है.
Nainital, Uttarakhand: Kotwal Hem Chandra Pant says, "A complaint related to a scuffle had been filed, and both parties were called to the police station. During the inquiry, a third person, a girl came forward and said that the boy was not at fault and that she was there to… pic.twitter.com/DvkGr5tW9C
— IANS (@ians_india) July 31, 2025
मुस्लिम दोस्त के समर्थन में कोतवाली पहुंची हिंदू छात्रा
शहर निवासी राजेंद्र और सूखाताल निवासी हनी नवाब के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने हनी को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया. इसी दौरान शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल की कक्षा 11वीं की छात्रा कोतवाली पहुंची और हनी के समर्थन में बात करने लगी.
छात्रा को देख भड़के स्वजन
छात्रा के देर शाम घर से बिना बताए निकलने पर परिजन उसे खोजते हुए कोतवाली पहुंचे. लड़की को वहां देखकर परिजन और हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भड़क उठे. आरोप लगाए गए कि युवक ने लड़की को बहलाया-फुसलाया है.
मुस्लिम पक्ष ने भी जताया विरोध
घटना की जानकारी मिलते ही मुस्लिम समुदाय के लोग भी कोतवाली पहुंच गए. उन्होंने पहले हुई घटनाओं का हवाला देते हुए विरोध जताया. जब दोनों समुदाय आमने-सामने आए तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई. पुलिस को फौरन फायर ब्रिगेड और लाइन से अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी.
युवती ने नहीं छोड़ा युवक का साथ
युवती ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए युवक को अपना महज दोस्त बताया और उसके पक्ष में खड़ी रही. स्वजन उसे घर ले जाने की कोशिश करते रहे लेकिन वह नहीं मानी. आखिरकार उसे महिला पुलिसकर्मी के कक्ष में रखा गया. पुलिस के मुताबिक, उसे सुबह मां के सुपुर्द किया जाएगा.
जानकारी के अनुसार, छात्रा शेरवुड क्षेत्र में अपनी दादी के साथ रहती है, क्योंकि उसके पिता का दोबारा विवाह हो चुका है. वह दूध लाने के बहाने घर से निकली थी और कोतवाली पहुंच गई. स्वजनों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह युवक के संपर्क में कैसे आई.
युवक के घर पर हमला
जब पुलिस ने युवक हनी को घर भेजा, तो कुछ युवक उसके घर पहुंच गए. वहां उसे न पाकर उन्होंने उसके पिता नजर खान की पिटाई कर दी. नजर खान को पड़ोसियों ने किसी तरह बचाया और पुलिस को सूचना दी गई. घायल नजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मौलवी पर धमकी देने के आरोप
हिंदूवादी संगठन के संयोजक मनोज कुमार और अन्य कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में तहरीर दी है कि मस्जिद से निकले एक मौलवी ने उन्हें देख लेने और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी. इसके खिलाफ वे कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में डटे रहे.
पुलिस ने बताया पूरा मामला
कोतवाल मल्लीताल, हेम चंद्र पंत ने बताया कि मामले को बेवजह साम्प्रदायिक रंग दिया गया है. युवक को केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन लड़की के समर्थन में पहुंचने के बाद कुछ संगठनों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. युवती को महिला कांस्टेबल के कक्ष में रखा गया है और युवक को घर भेज दिया गया है.


