महाराष्ट्र को जल्द मिलेगा तीसरा डिप्टी सीएम- संजय राउत का बड़ा दावा, एकनाथ शिंदे को लेकर की ये बात

शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र को जल्द ही तीसरा उपमुख्यमंत्री मिलेगा. उनके इस बयान से राज्य की सियासत में हलचल मच गई है. राउत ने कहा कि तीसरा डिप्टी सीएम शिवसेना शिंदे गुट से ही होगा. बता दें कि विधानसभा चुनाव हारने के बाद महाविकास अघाड़ी के अस्तित्व पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद महाविकास अघाड़ी के वजूद पर खतरा मंडराने लगा है. राजनीतिक गलियारों में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. इस बीच शिवसेना यूबीटी नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र की सियासत को लेकर बड़ा दावा किया है. राउत ने शुक्रवार को शिवसेना प्रमुख और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष किया. उन्होंने शिंदे गुट में दरार का दावा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना से तीसरा उपमुख्यमंत्री होगा.

राज्यसभा सांसद ने कहा कि पर्दे के पीछे की गतिविधियां ऐसी हैं कि भविष्य में राज्य में तीन उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं. उन्होंने कहा, 'किसी को भी एकनाथ शिंदे को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए. वह उपमुख्यमंत्री हैं. वह कल मुख्यमंत्री थे. वह कल नहीं होंगे, क्योंकि महाराष्ट्र को उसी पार्टी से तीसरा उपमुख्यमंत्री मिल रहा है. उन्हें इस बारे में सोचना चाहिए.'

ये लोग ईडी और सीबीआई के डर से भाग गए- राउत

राउत ने कहा कि यह शिवेसना शिंदे गुट में से ही कोई एक होगा. इसके बाद उन्होंने एकनाथ शिंदे की आलोचना करते हुए कहा कि शिवसेना दो धड़ों में बंट गई. ये लोग ईडी और सीबीआई के डर से भाग गए." उन्होंने आगे कहा कि शिवसेना (यूबीटी) एक मजबूत संगठन बनी हुई है, जिसका कहना है, "सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन हम यहां अपने पैरों पर मजबूती से खड़े हैं."

शिंदे ने उद्धव पर लगाया बड़ा आरोप

शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर निजी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए बालासाहेब ठाकरे के सिद्धांतों को त्यागने का आरोप लगाया. शिंदे ने कहा, "आपने 2019 में केवल सीएम की कुर्सी के लिए बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को छोड़ दिया. आपने उनके सिद्धांतों को रौंद दिया, इसलिए आपको बालासाहेब ठाकरे स्मारक के बारे में बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है." 

मुझे ढाई साल तक महाराष्ट्र की सेवा करने का मौका मिला- शिंदे

शिंदे ने ये टिप्पणी बालासाहेब ठाकरे की 99वीं जयंती के अवसर पर बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में 'शिवोत्सव' समारोह के दौरान कीं. अपने कार्यकाल के बारे में बात करते हुए शिंदे ने कहा, "मुझे ढाई साल तक पूरे दिल से महाराष्ट्र के लोगों की सेवा करने का अवसर मिला. साथ ही, राज्य की 2.4 करोड़ बहनों के प्यारे भाई के रूप में मुझे जो पहचान मिली है, वह सभी पदों से बड़ी है." उन्होंने जोर देकर कहा, "हमारे लिए आत्मसम्मान किसी भी कुर्सी से ज्यादा महत्वपूर्ण है," उन्होंने कहा कि यह मूल्य बालासाहेब ठाकरे ने दिया था. शिंदे ने उद्धव ठाकरे की आलोचना दोहराते हुए कहा, "जिन लोगों ने बालासाहेब के विचारों को कुचला, उन्हें स्मारक के बारे में बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है." 

महाराष्ट्र में महायुति की जीत

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) का प्रदर्शन अच्छा नहीं था. पार्टी 36 सीटों पर चुनाव लड़ी, लेकिन उन्हें केवल 10 पर ही जीत मिली. भाजपा 132 से ज्यादा सीटें जीती. वहीं अगर भाजपा नीत महायुति के घटक दलों की बात करें तो एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 57 और अजित पवार की राकांपा 41 सीटें जीतने में कामयाब रही. महाविकास आघाड़ी (कांग्रेस, शिवसेना-यूबीटी, राकांपा-एसपी) ने सिर्फ 46 सीटें जीतीं

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag