यूपी में पिछले 24 घंटे में दूसरा बड़ा एनकाउंटर, शामली में कुख्यात बदमाश रिहान अंसारी ढेर

यूपी के शामली में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी रिहान अंसारी मारा गया. उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा. 

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी रिहान अंसारी मारा गया. मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से जमकर गोलियां चलीं. इस कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश रिहान अंसारी ढेर हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा. 

सिपाही सुमित बैसला घायल 

फायरिंग के दौरान शामली कोतवाली में तैनात सिपाही सुमित बैसला भी गोली लगने से घायल हो गए, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटों के भीतर दूसरा बड़ा एनकाउंटर है. इससे पहले मंगलवार रात एसटीएफ ने एक लाख रुपये के इनामी शूटर बनारसी यादव को मार गिराया था. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है.

शामली पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि झिंझाना से कसेरवा गांव की ओर दो बदमाश बाइक पर सवार होकर लूट की नीयत से खड़े हैं. इस इनपुट पर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में रिहान अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया. घायल रिहान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

एसपी ने किया निरीक्षण 

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी एनपी सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि रिहान अंसारी दिल्ली के ओखला स्थित जाकिर नगर का रहने वाला था और उसके खिलाफ शामली, बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट, स्नैचिंग सहित विभिन्न धाराओं में 90 से अधिक मुकदमे दर्ज थे. उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम फतेहपुर निवासी राहुल और उसका एक दोस्त बाइक से शामली से फतेहपुर जा रहे थे. रास्ते में रिहान और उसके साथी ने पिस्टल के बल पर उनसे नकदी, मोबाइल फोन और अंगूठी लूट ली थी. इस वारदात की एफआईआर बाबरी थाने में दर्ज की गई थी. मुठभेड़ के बाद बदमाशों के पास से लूटा गया सामान बरामद कर लिया गया है.

पुलिस ने मौके से 0.32 बोर की इटली निर्मित बरेटा पिस्टल, एक देशी .32 बोर पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, सात खोखे, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, लूटे गए मोबाइल फोन, अंगूठियां और नकदी बरामद की है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रिहान नवंबर 2025 में झिंझाना क्षेत्र में एक दंपती से लूट की वारदात में भी शामिल था. वह पिछले दस वर्षों से अपने गिरोह का संचालन कर रहा था और कुख्यात याहिया गैंग के संपर्क में रहकर शामली और आसपास के इलाकों में लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag