आजमगढ़ में तंत्र विद्या के नाम पर हैवानियत, टॉयलेट का पानी पिलाकर महिला को उतारा मौत के घाट
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक 35 वर्षीय महिला की तंत्र क्रिया के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. आरोप है कि संतान प्राप्ति की चाह में गई महिला को तांत्रिक ने शौचालय का पानी पिलाया और गला दबा दिया. मृतका की पहचान अनुराधा के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Azamgarh Tantrik: आजमगढ़ के पहलवानपुर गांव में तंत्र विद्या के नाम पर दर्दनाक वारदात सामने आई है. एक 35 वर्षीय महिला की तांत्रिक अनुष्ठान के दौरान मौत हो गई, जिसके पीछे क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं. बताया जा रहा है कि महिला को टॉयलेट का पानी पिलाया गया और उसका गला दबाया गया. महिला मां बनने की आस में तांत्रिक के पास पहुंची थी, लेकिन उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा.
घटना रविवार रात की है, जब मृतका अनुराधा अपनी मां के साथ एक स्थानीय तांत्रिक के पास गई थी. संतान प्राप्ति की उम्मीद में की गई इस तंत्र क्रिया ने उसकी जान ले ली. परिजनों का आरोप है कि तांत्रिक और उसके साथियों ने महिला के साथ अमानवीय व्यवहार किया और अंत में उसे अस्पताल छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के पहलवानपुर गांव में रहने वाली अनुराधा (35) की मौत तंत्र क्रिया के दौरान हो गई. अनुराधा की शादी को 10 साल हो चुके थे, लेकिन संतान नहीं होने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी. इसी बीच गांव के एक तथाकथित तांत्रिक चंदू के बारे में उसे जानकारी मिली, जो महिलाओं को मां बनाने का दावा करता था.
तांत्रिक की क्रूरता से कांप उठी रूह
परिवार का आरोप है कि तांत्रिक चंदू ने अनुराधा पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर तंत्र क्रिया शुरू की. इस दौरान उसके बाल खींचे गए, गला और मुंह दबाया गया और सबसे भयावह बात उसे नाले और शौचालय का गंदा पानी पीने को मजबूर किया गया. उसकी मां जब बीच में रोकने की कोशिश की तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया.
तंत्र क्रिया के दौरान अनुराधा की हालत बिगड़ने लगी. तब तांत्रिक और उसके सहयोगी उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने रात करीब 9 बजे उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद आरोपी वहां से शव छोड़कर भाग निकले.
1 लाख रुपये में हुआ था तांत्रिक से सौदा
मृतका के पिता बलीराम यादव ने बताया कि चंदू तांत्रिक ने संतान दिलाने के बदले ₹1 लाख का सौदा किया था. इसमें से ₹22,000 एडवांस दे दिए गए थे. परिजनों ने जब शव गांव लाकर हंगामा किया, तब कंधरापुर थाना प्रभारी के के गुप्ता और सिटी सीओ मौके पर पहुंचे.
चंदू तांत्रिक ने किया सरेंडर
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, तांत्रिक चंदू ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है.
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया, "पहलवानपुर में अनुराधा की संदिग्ध मौत की जांच चल रही है. पीड़िता के पिता ने तांत्रिक चंदू, उसकी पत्नी और दो अन्य के खिलाफ गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. FIR दर्ज कर जांच की जा रही है."
गांव में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
अनुराधा तीन बहनों में सबसे बड़ी थी. गांववालों का कहना है कि चंदू ने अपने घर में नकली मंदिर, घंटियां और मूर्तियों का सेटअप तैयार किया था ताकि लोगों को अपने झांसे में ले सके. पास के गांवों से लोग नियमित रूप से उसके पास आते थे. कुछ ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी ऐसी घटनाएं उसके यहां हो चुकी हैं, लेकिन कोई खुलकर सामने नहीं आया.


