मंदिर में बेची जा रहीं 'मेड इन पाकिस्तान' चादरें? वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

पुणे से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आ रहा है. पिंपरी-चिंचवाड़ इलाके में एक प्रसिद्ध मंदिर के परिसर में एक दुकान से खरीदी गई चादरों पर 'मेड इन पाकिस्तान' का स्टीकर मिला है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पिंपरी-चिंचवाड़ इलाके में एक प्रसिद्ध मंदिर के परिसर में एक दुकान से खरीदी गई चादरों पर 'मेड इन पाकिस्तान' का स्टीकर मिला है. यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. महाराष्ट्र में ऐसा मामला पहली बार नहीं आया है, इससे ठीक एक महीने पहले धुले जिले में भी पुलिस ने छापेमारी कर दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया था.

वायरल वीडियो से हुआ खुलासा

सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है. जिसमें महिला ने दावा किया है कि उसने बुधवार को पिंपरी-चिंचवाड़ स्थित ऐतिहासिक मोराया गोसावीं मंदिर परिसर की एक दुकान से कुछ चादरें खरीदी थीं. जब वह चादर लेकर अपने घर पहुंची और उसे धोने के लिए निकाला, तो उस पर 'मेड इन पाकिस्तान' का एक स्टीकर लगा हुआ दिखाई दिया.

महिला ने अपनी गहरी चिंता और दुख व्यक्त करते हुए कहा, हम सीमावर्ती इलाकों में नहीं रहते, फिर भी हमारे घरों तक पाकिस्तान में बनी चीजें पहुंच रही हैं. यह बेहद परेशान करने वाला है.

पुलिस ने गठित की विशेष टीम

पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया है. यह टीम इस बात की तहकीकात कर रही है कि क्या ये चादरें सचमुच पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई हैं या फिर किसी स्थानीय निर्माता ने जानबूझकर ऐसा स्टीकर लगाया है. पुलिस ने पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम से संपर्क कर उक्त दुकानदार के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करने की सिफारिश की है.

बड़ी चूक की ओर इशारा

यह मामला काफी गंभीर है क्योंकि आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए भारत सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान के साथ सभी व्यापारिक और कूटनीतिक संबंध पूरी तरह से खत्म कर दिए हैं. ऐसे में भारतीय बाजारों में पाकिस्तानी सामान का मिलना सुरक्षा में बड़ी चूक की ओर इशारा करता है.

नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस

महाराष्ट्र में ऐसा मामला पहली बार नहीं आया है, इससे ठीक एक महीने पहले धुले जिले में भी पुलिस ने छापेमारी कर दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया था, जो भारी मात्रा में पाकिस्तान निर्मित कॉस्मेटिक उत्पाद बेच रहे थे. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो