भारत-अमेरिका ट्रेड डील से सेंसेक्स और निफ्टी में आई उछाल, इन सेक्टरों को मिल रहा सबसे ज्यादा फायदा
भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते के बाद भारतीय शेयर में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रही है.सेंसेक्स में 2,300 से ज्यादा अंकों की छलांग लगी, जबकि निफ्टी 25,800 के स्तर को पार कर गया है

नई दिल्ली: सोमवार (3 फरवरी) को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखी गई. भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते की खबर से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार ने जोरदार शुरुआत की. सेंसेक्स में 2,300 से ज्यादा अंकों की छलांग लगी, जबकि निफ्टी 25,800 के स्तर को पार कर गया.
भारत और अमेरिका समझौते ने बाजार को दी नई ऊर्जा
अमेरिका ने भारतीय सामानों पर टैरिफ को 50% से घटाकर 18% कर दिया है. यह फैसला महीनों से लंबित था और बाजार पर दबाव डाल रहा था. समझौते की घोषणा के बाद अनिश्चितता खत्म हुई और निवेशकों ने जोरदार खरीदारी शुरू की. सुबह 9:31 बजे सेंसेक्स 2,291 अंक चढ़कर 83,967 के पास पहुंच गया, जबकि निफ्टी 702 अंक ऊपर 25,790 पर कारोबार कर रहा है.
बड़े बदलाव की जताई गई उम्मीद
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने इसे भारत के लिए ऐतिहासिक पल बताया. उन्होंने कहा कि टैरिफ में कटौती से निर्यात बढ़ेगा, जिससे वित्त वर्ष 2027 में भारत की विकास दर 7.5% तक पहुंच सकती है. कंपनियों की कमाई 16-18% तक बढ़ सकती है और रुपया भी मजबूत होगा.
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका-भारत समझौते के साथ यूरोपीय संघ के साथ प्रगति और विकास-उन्मुख बजट से अर्थव्यवस्था में नई जान आएगी. बाजार में पहले भारी शॉर्ट सेलिंग थी, अब शॉर्ट कवरिंग से रैली और तेज हो रही है.
किस सेक्टर में उछाल की उम्मीद?
विशेषज्ञों का मानना है कि बैंकिंग, एनबीएफसी, टेलीकॉम, कैपिटल गुड्स, आईटी और कपड़ा सेक्टर के बड़े शेयरों में एफआईआई की खरीदारी बढ़ेगी. लार्जकैप कंपनियां, जिनका वैल्यूएशन उचित है, सबसे ज्यादा फायदा उठाएंगी.
लंबे समय तक रहेगी तेजी
इक्विटी रिसर्च प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा कि बाजार ने सपोर्ट लेवल टेस्ट करने के बाद रिवर्सल पैटर्न बनाया. निफ्टी और सेंसेक्स में मजबूत कैंडल बनी, जो ऊपर की ओर गति दिखाती है. अब गिरावट पर खरीदारी का माहौल है.
यह तेजी सिर्फ एक दिन की नहीं, बल्कि लंबे समय तक चल सकती है. विदेशी निवेशकों की वापसी, कमाई में सुधार और सकारात्मक घटनाक्रम से बाजार नए रिकॉर्ड बना सकता है. निवेशकों के लिए यह सुनहरा मौका लग रहा है.


