पति पत्नी और हत्या: लव मैरिज के महज तीन महीने बाद ही पत्नी का कत्ल कर आरोपी फरार

कानपुर में प्रेम विवाह के महज तीन महीने बाद रिश्ते का खौफनाक अंत हो गया. पनकी थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर पति के फरार होने की इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

कानपुर: सात जन्मों तक साथ निभाने के वादों के साथ शुरू हुआ प्रेम विवाह महज तीन महीने में ही खून-खराबे पर खत्म हो गया. उत्तर प्रदेश के कानपुर से सामने आई इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती हिंसा को उजागर कर दिया है. पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर रामगंगा एन्क्लेव में सोमवार रात नवविवाहिता की उसी के पति ने हत्या कर दी और वारदात के बाद फरार हो गया.

लव मैरिज के बाद खुशहाल जीवन के सपने देख रही दीपिका सैनी की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. शुरुआती दिनों की मोहब्बत जल्द ही झगड़ों में बदल गई और वही रोजमर्रा का विवाद आखिरकार जानलेवा साबित हुआ.

पुलिस सायरन से मचा हड़कंप

पनकी क्षेत्र स्थित रामगंगा एन्क्लेव के जिस फ्लैट में यह वारदात हुई, वहां सोमवार देर शाम तक सब कुछ सामान्य था. लेकिन अचानक पुलिस सायरन की आवाज से सन्नाटा टूट गया. इसी फ्लैट में शोएब खान उर्फ सौरभ अपनी पत्नी दीपिका सैनी के साथ रह रहा था.सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो फ्लैट के भीतर दीपिका का शव पड़ा मिला. यह मंजर देखकर हर कोई सिहर उठा.

अक्टूबर 2025 में की थी लव मैरिज

जानकारी के मुताबिक, शोएब और दीपिका के बीच प्रेम संबंध था. समाजिक बंधनों को नजरअंदाज करते हुए दोनों ने अक्टूबर 2025 में प्रेम विवाह किया था. शुरुआत के कुछ दिन सामान्य रहे, लेकिन इसके बाद पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े होने लगे.परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के रिश्ते में तनाव बना रहता था.

रोज-रोज की कलह ने लिया खूनी रूप

सोमवार देर शाम पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि उसने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि शोएब ने दीपिका की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद वह बेहद शातिर तरीके से मौके से फरार हो गया.

आरोपी की पहचान को लेकर चौंकाने वाला खुलासा

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी, एडीसीपी वेस्ट और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान डीसीपी ने आरोपी पति को लेकर अहम जानकारी साझा की.उन्होंने बताया, "आरोपी का मूल नाम सौरभ था, लेकिन उसका पालन-पोषण मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा किया गया था. इसी वजह से उसका नाम बदलकर शोएब खान रख दिया गया था." इसी दोहरी पहचान के साथ वह दीपिका के साथ रह रहा था.

फॉरेंसिक जांच पूरी

मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन का काम पूरा कर लिया है. उधर, दीपिका के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल है.डीसीपी कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित की हैं, जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag