Stock Market Crash: बजट डे पर अचानक क्यों क्रैश हुआ शेयर बाजार, 8 लाख करोड़ का नुकसान
बजट में STT बढ़ोतरी के ऐलान के बाद शेयर बाजार में भारी गिरावट आई, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी बुरी तरह टूट गए. हालांकि इंफ्रास्ट्रक्चर और MSME से जुड़ी घोषणाओं के बाद बाजार में आंशिक रिकवरी देखने को मिली.

नई दिल्ली: बजट के दिन शेयर बाजार में ऐसा उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जिसने निवेशकों की धड़कनें बढ़ा दीं. सुबह जहां बाजार मजबूती के साथ आगे बढ़ता नजर आ रहा था, वहीं एक अहम ऐलान के बाद अचानक माहौल बदल गया. कुछ ही देर में सेंसेक्स और निफ्टी में तेज गिरावट दर्ज की गई और निवेशकों की बड़ी रकम डूबती दिखी. हालांकि दिन चढ़ने के साथ बाजार ने संभलने की कोशिश भी की.
रविवार को बजट पेश होते ही बाजार में पहले सकारात्मक रुख दिखा. लेकिन जैसे ही सिक्योरिटी ट्रांजेक्शन टैक्स (STT) बढ़ाने की घोषणा हुई, माहौल पूरी तरह बदल गया. वित्त मंत्री ने फ्यूचर और ऑप्शन ट्रेडिंग पर लगने वाले STT में बढ़ोतरी का ऐलान किया. फ्यूचर पर टैक्स 0.025 प्रतिशत से बढ़ाकर 0.05 प्रतिशत कर दिया गया, जबकि ऑप्शन पर यह 0.1 प्रतिशत से बढ़ाकर 0.15 प्रतिशत कर दिया गया.
सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट
इस फैसले ने खासकर डेरिवेटिव सेगमेंट में सक्रिय निवेशकों को झटका दिया. नतीजा यह हुआ कि इंट्राडे कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 24,000 अंकों तक फिसल गया और 80,500 के नीचे पहुंच गया. निफ्टी भी लगभग 750 अंक गिरकर 25,500 के स्तर से नीचे आ गया. अचानक आई इस गिरावट से बाजार में घबराहट फैल गई और निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा.
निवेशकों की संपत्ति पर असर
तेज गिरावट के चलते बाजार पूंजीकरण में भारी कमी आई. कुछ समय के भीतर ही निवेशकों के लाखों करोड़ रुपये दांव पर लग गए. बड़े शेयरों में बिकवाली बढ़ी और लार्ज कैप कंपनियों के स्टॉक्स भी दबाव में आ गए. यह गिरावट इतनी तेज थी कि बाजार में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
फिर कैसे हुई रिकवरी?
हालांकि दोपहर बाद बाजार ने धीरे-धीरे संभलना शुरू किया. सरकार द्वारा इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को समर्थन देने, एमएसएमई के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव, एआई को बढ़ावा देने और टेक्सटाइल सेक्टर के लिए घोषणाओं ने कुछ हद तक भरोसा लौटाया. इन सेक्टर्स से जुड़े शेयरों में खरीदारी बढ़ी, जिससे बाजार को सहारा मिला.
इसके अलावा, जब कई बड़ी कंपनियों के शेयर निचले स्तर पर पहुंच गए तो निवेशकों ने मौके का फायदा उठाते हुए खरीदारी शुरू कर दी. इससे बाजार में रिकवरी देखने को मिली. हालांकि दिन के अंत तक सेंसेक्स करीब 770 अंक की गिरावट के साथ 81,498 के आसपास और निफ्टी लगभग 277 अंक नीचे 25,092 के स्तर पर कारोबार करता दिखा. निफ्टी बैंक में भी लगभग 750 अंकों की कमजोरी रही.
अब सोमवार का इंतजार
फिलहाल बाजार दबाव में बना हुआ है और निवेशकों की नजर अब अगले कारोबारी दिन पर टिकी है. उम्मीद है कि विदेशी निवेशकों की गतिविधियां बाजार की दिशा तय करेंगी. कुल मिलाकर बजट के दिन शेयर बाजार ने यह साफ कर दिया कि एक छोटे से टैक्स बदलाव का असर भी कितना बड़ा हो सकता है.


