'रामायण' टीजर लॉन्च पर छिड़ी बहस, निर्माता नामित मल्होत्रा बोले- "बांटने की कोशिश..."
रामायण: पार्ट 1 के टीजर लॉन्च को लेकर विवाद के बीच निर्माता नामित मल्होत्रा ने कहा कि इस मुद्दे पर लोगों को "बंटने" की जरूरत नहीं है. अमेरिका में पहले लॉन्च को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने एकता का संदेश दिया.

रामायण टीजर लॉन्च: हनुमान जन्मोत्सव के खास मौके पर रिलीज हुए फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ के टीजर ने जहां दर्शकों में उत्साह पैदा किया, वहीं इसके लॉन्च को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया. रणबीर कपूर और यश स्टारर इस फिल्म के टीजर को भारत से पहले अमेरिका में लॉन्च किए जाने पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई.
इस पूरे विवाद पर अब फिल्म के निर्माता नामित मल्होत्रा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने साफ कहा कि इस तरह के मुद्दों पर लोगों को बंटना नहीं चाहिए और रामायण जैसे विषय को एकता के साथ देखना जरूरी है.
अमेरिका में लॉन्च हुआ 'रामायण' का टीजर
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर रिलीज हुए इस टीजर में रणबीर कपूर का भगवान राम के रूप में पहला लुक सामने आया. करीब 2 मिनट 38 सेकंड के इस वीडियो ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया.
टीजर को भारत में रिलीज से पहले लॉस एंजिल्स में एक विशेष स्क्रीनिंग के दौरान लॉन्च किया गया, जहां निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नामित मल्होत्रा भी मौजूद रहे.
भारत से पहले विदेश में लॉन्च पर उठे सवाल
टीजर के अमेरिका में पहले लॉन्च होने को लेकर कई लोगों ने सवाल उठाए. कुछ दर्शकों का मानना था कि इतनी महत्वपूर्ण फिल्म का टीजर पहले भारत में रिलीज होना चाहिए था.
नामित मल्होत्रा का जवाब 'बंटो मत'
मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नामित मल्होत्रा ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,"कोई बंटवारा नहीं है. यह एक दुनिया, एक रामायण और एक राम हैं."
उन्होंने लोगों से अपील की कि इस तरह के मुद्दों पर विभाजन की भावना न रखें और रामायण को एक वैश्विक दृष्टिकोण से देखें.
वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति को ले जाने की कोशिश
नामित मल्होत्रा ने कहा कि 'रामायण' के जरिए भारतीय संस्कृति और इतिहास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की कोशिश की जा रही है.
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या अंतरराष्ट्रीय दर्शक रामायण से परिचित नहीं हैं, और कहा कि उनका उद्देश्य इस महाकाव्य को पूरी दुनिया तक पहुंचाना है.
'हम टिकट नहीं बेच रहे हैं'- नामित मल्होत्रा
टीजर लॉन्च को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा,"शूटिंग के बीच काम को बीच में रोकर लोगों से मिलना और जागरूकता फैलाना बहुत मुश्किल होता है. हम कोई टिकट नहीं बेच रहे हैं."
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल प्रचार के लिए नहीं, बल्कि सांस्कृतिक जागरूकता के लिए भी है.
नाराज फैन्स को दिया संदेश
अमेरिका में पहले लॉन्च को लेकर नाराज दर्शकों के लिए नामित मल्होत्रा ने कहा,"बंटो मत. यह बंटने का समय नहीं है."
उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका में रहने वाले भारतीयों ने इस आयोजन के लिए उनका आभार जताया और वहां की भावनाओं को भी समझने की जरूरत है.

