'हम साथ साथ हैं' की एक्ट्रेस की टूटी पहली शादी, 7 साल बाद मिला सच्चा प्यार

जानिए उस अभिनेत्री की कहानी, जिसे अपनी पहली शादी में खुद की पहचान छिपाने पर मजबूर होना पड़ा. अपने करियर में उन्होंने कई हिट फिल्मों में अभिनय किया और इंडस्ट्री की कई नामी हस्तियों के साथ स्क्रीन साझा की.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

फिल्मी दुनिया की चमक-दमक के बीच सितारों की निजी ज़िंदगी भी अक्सर चर्चा में रहती है. उनकी प्रेम कहानियां और शादियां लोगों की गहरी दिलचस्पी का विषय बनी रहती हैं. कुछ रिश्ते जहां लंबे समय तक टिकते हैं, वहीं कुछ में दरारें आ जाती हैं. ऐसी ही एक अभिनेत्री हैं नीलम कोठारी, जिन्होंने प्यार में धोखा खाया लेकिन फिर एक नए रिश्ते में उन्हें सच्चा साथ मिला.

1984 में फिल्म 'जवानी' से बॉलीवुड में रखा था कदम 

नीलम कोठारी ने 1984 में फिल्म 'जवानी' से बॉलीवुड में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने गोविंदा के साथ 'इल्ज़ाम', 'सिंदूर', 'दो कैदी' और 'बिल्लू बादशाह' जैसी फिल्मों में काम कर प्रसिद्धि हासिल की. उनके करियर की चर्चित फिल्मों में 'हम साथ साथ हैं', 'हत्या' और 'बदनाम' भी शामिल हैं.

साल 2000 में नीलम ने लंदन के बिजनेसमैन ऋषि सेठिया से शादी की थी. लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं टिक पाया. नीलम ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि शादी के बाद उनसे उम्मीद की गई कि वे मांसाहार छोड़ें, भारतीय पारंपरिक पोशाक पहनें और शराब से दूरी बनाएं. सबसे कठिन बात यह थी कि उन्हें अपनी पहचान छुपानी पड़ी. सुपरमार्केट में जब लोग उन्हें पहचानते, तो वे इंकार करने को मजबूर होती थीं.

2011 में समीर सोनी से किया विवाह

शादी टूटने के बाद नीलम ने एक बार फिर अपने लिए खुशियों की तलाश की. 2011 में उन्होंने अभिनेता और निर्देशक समीर सोनी से विवाह किया. 2013 में इस जोड़े ने एक बेटी को गोद लिया, जिसका नाम अहाना है. अब वे एक खुशहाल परिवार के रूप में जाने जाते हैं.

नीलम कोठारी एक सफल अभिनेत्री के साथ-साथ जानी-मानी ज्वेलरी डिजाइनर भी हैं. वे 'नीलम ज्वेल्स' की मालिक हैं और उनके डिज़ाइन में बर्मी रूबी और कोलंबियन एमराल्ड जैसी दुर्लभ रत्नों का इस्तेमाल होता है. आखिरी बार उन्हें नेटफ्लिक्स के शो Fabulous Lives of Bollywood Wives में देखा गया था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो