दलाई लामा ने किस श्रेणी में जीता अपना पहला ग्रैमी पुरस्कार?

रविवार को आयोजित 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में दलाई लामा को पहली बार ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया. 90 वर्षीय दलाई लामा को यह सम्मान ‘मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ के लिए मिला.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

दुनिया भर में शांति, करुणा और करुणामय जीवन के संदेश के लिए पहचाने जाने वाले तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने अपने जीवन की उपलब्धियों में एक और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ लिया है. 1 फरवरी, रविवार को आयोजित 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में दलाई लामा को पहली बार ग्रैमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया. यह मौका इसलिए भी खास रहा क्योंकि इसमें आध्यात्मिक विचारधारा और आधुनिक पॉप संस्कृति का अनोखा मेल देखने को मिला.

किस लिए मिला ये पुरस्कार 

90 वर्षीय दलाई लामा को यह सम्मान ‘मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ के लिए मिला. उन्हें ‘बेस्ट ऑडियोबुक, नैरेटर एंड स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग’ कैटेगरी में विजेता घोषित किया गया. यह पुरस्कार मुख्य समारोह से पहले आयोजित प्री-टेलीकास्ट इवेंट में दिया गया, जिसका सीधा प्रसारण यूट्यूब के जरिए दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचा.

इस श्रेणी में मुकाबला काफी कड़ा माना जा रहा था. दलाई लामा ने ग्रैमी अवॉर्ड्स के मशहूर होस्ट और कॉमेडियन ट्रेवर नोआ, अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट की जज केतनजी ब्राउन जैक्सन और पॉप म्यूजिक ग्रुप मिली वैनिली से जुड़े फैब मोरवन जैसे चर्चित नामों को पीछे छोड़ते हुए यह पुरस्कार अपने नाम किया. यह जीत इस बात का प्रमाण है कि आध्यात्मिक संदेश भी वैश्विक मंच पर गहरी छाप छोड़ सकता है.

दलाई लामा की तरफ से किसने स्वीकार किया पुरस्कार? 

दलाई लामा स्वयं समारोह में मौजूद नहीं थे. इसलिए उनकी ओर से यह पुरस्कार प्रसिद्ध सिंगर और सॉन्गराइटर रूफस वेनराइट ने स्वीकार किया. मंच पर आते ही उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि, 'मैं दलाई लामा तो नहीं हूं, यह साफ है,' जिससे दर्शकों में मुस्कान फैल गई. इसके बाद उन्होंने आयोजकों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें ज्ञान, आत्मचिंतन और करुणा से जुड़े इस अनोखे प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का अवसर मिला, यह उनके लिए गर्व की बात है. रूफस वेनराइट ने यह भी कहा कि जिन शिक्षाओं ने इस एल्बम को आकार दिया, उसी महान आध्यात्मिक गुरु की ओर से ग्रैमी ग्रहण करना उनके लिए सम्मान से कम नहीं है.

‘मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ एक विशेष ऑडियो प्रोजेक्ट है, जिसमें बोले गए ध्यान (स्पोकन मेडिटेशन) और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत से प्रेरित धुनों का सुंदर संयोजन है. इस रचना के जरिए दलाई लामा की शिक्षाएं, शांति का संदेश और आत्मिक संतुलन की भावना श्रोताओं तक पहुंचती है. ग्रैमी अवॉर्ड के जरिए इस प्रोजेक्ट को वैश्विक पहचान मिली है और यह साबित हुआ है कि संगीत और ध्यान के माध्यम से भी मानवता को जोड़ने का काम किया जा सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag