'ये तो सिर्फ ट्रेलर था...' रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के बाद बिश्नोई गैंग का खतरनाक वार्निंग, शेट्टी सहित पूरे बॉलीवुड को मिली धमकी

रोहित शेट्टी के आवास 'शेट्टी टावर' के बाहर लगभग चार से पांच बार लगातर गोलियां चलाई गई. हमलावर मौके से फरार हो गए लेकिन बिश्नोई गिरोह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है.

Sonee Srivastav

मुंबई: मुंबई के जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के आवास 'शेट्टी टावर' के बाहर रविवार की देर रात गोलीबारी की घटना ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया. पुलिस के अनुसार, रात करीब 1 बजे दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने आवास के बाहर चार से पांच राउंड गोलियां चलाई और मौके से फरार हो गए.

हालांकि इस हमले में किसी को कोई चोट नहीं आई, लेकिन इस दौरान रोहित शेट्टी घर के अंदर मौजूद थे. घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके में भारी सुरक्षा बढ़ा दी और जांच शुरू कर दी है.

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का दावा

घटना के कुछ घंटों बाद ही सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े लोगों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली. पोस्ट में शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन शांडू के नाम से लिखा गया कि उन्होंने रोहित शेट्टी को कई बार चेतावनी दी थी कि वे उनके काम में दखल न दें, लेकिन वे नहीं माने. 

इस गोलीबारी को उन्होंने 'छोटा सा ट्रेलर' बताया और कहा कि अगर सुधार नहीं हुआ तो अगली गोलियां घर के बाहर नहीं, बल्कि शयनकक्ष में या सीधे छाती पर लगेंगी. पोस्ट में पूरे बॉलीवुड को भी चेतावनी दी गई कि अपने तरीके सुधार लें, वरना बाबा सिद्दीकी जैसा हाल हो सकता है. पुलिस इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है.

जांच के लिए 12 विशेष टीमें गठित 

मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा की 12 विशेष टीमें गठित की हैं. जांच के दौरान पुणे से कम से कम पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. इनकी पहचान अमन आनंद मारोटे (27), आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18) और स्वप्निल बंडू सकट (23) के रूप में हुई है. पुलिस सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है और गिरोह के साथ किसी संभावित संबंध की जांच जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag