फिल्म देख इमोशनल हुए करण जौहर, 'धुरंधर 2' को बताया रणवीर के करियर की बेस्ट फिल्म
फिल्म निर्माता करण जौहर ने ‘धुरंधर 2’ देखने के बाद अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर की हैं. आदित्य धर के निर्देशन में बनी और रणवीर सिंह अभिनीत इस फिल्म ने करण पर गहरा असर छोड़ा है. फिल्म देखने के बाद करण न सिर्फ भावुक नजर आए, बल्कि उन्होंने इसे रणवीर के करियर की सर्वश्रेष्ठ फिल्म तक बता दिया.

नई दिल्ली: धुरंधर 2 का बुखार अब फिल्मी जगत की नामी हस्तियों के सिर चढ़कर बोल रहा है. शनिवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर करण जौहर ने खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. फिल्म देखने के बाद करण इतने भावुक हो गए कि खुद को रोक नहीं पाए. इतना ही नहीं, उन्होंने ‘धुरंधर 2’ को रणवीर सिंह के करियर की सर्वश्रेष्ठ फिल्म तक बता दिया.
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने करण जौहर पर गहरा प्रभाव छोड़ा. उन्होंने अपने पोस्ट के जरिए फिल्म की पूरी टीम की जमकर सराहना की। करण ने फिल्म की कहानी, निर्देशन और अभिनय की खुलकर प्रशंसा करते हुए इसे एक बेहतरीन सिनेमाई अनुभव बताया.
करण जौहर को भायी 'धुरंधर 2'
करण जौहर ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "टेस्टोस्टेरोन, अति-अल्फा ऊर्जा और गहरी देशभक्ति पर चर्चा जारी रहेगी, जैसा कि होना ही चाहिए… लेकिन #धुरंधर2 इससे कहीं बढ़कर है."
उन्होंने फिल्म को एक भावनात्मक और दिल को छू लेने वाली कहानी बताया, जिसमें बलिदान और भावनात्मक पीड़ा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है.
आदित्य धर के निर्देशन की सराहना
करण ने आदित्य धर के निर्देशन की तारीफ करते हुए लिखा, “जस्किरात की दिल दहला देने वाली पिछली कहानी… मातृभूमि के लिए किए गए हृदयविदारक बलिदान… खलनायक का भी मानवीय चित्रण और उसकी बहुआयामी पृष्ठभूमि… त्रुटिहीन शिल्प कौशल… ध्वनि परिदृश्य और समग्र सिनेमाई दक्षता आदित्य धर की प्रतिभा और निर्देशन क्षमता को साबित करती है… वे वाकई एक अद्भुत और उत्कृष्ट फिल्म निर्माता हैं,”
रणवीर सिंह के अभिनय पर फिदा हुए करण
रणवीर सिंह की तारीफ करते हुए करण जौहर ने लिखा, "वह न केवल मुख्यधारा के स्तर को ऊपर उठाता है, बल्कि एक नया निर्देशक भी बनाता है... ये नया निर्देशक है (वह एक नया निर्देशक है)!!! बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़के घुसेगा भी और हर रिकॉर्ड मारेगा भी (वह न केवल रिकॉर्ड तोड़ेगा, बल्कि नए भी बनाएगा) !! और और @रणवीरसिंह तू क्या है यार?!?????? (आप किस चीज से बने हैं)."
उन्होंने आगे कहा, "आपका करियर का सर्वश्रेष्ठ काम, आपका हर आंसू, आपकी हर खामोश निगाह, आपका हर वो अंदाज़ जब आप बेमिसाल स्वैग के साथ चलते हैं, ये साबित करते हैं कि आप महान कलाकारों में से एक हैं!!! आप युगों-युगों तक एक महान प्रतिभा के धनी कलाकार रहेंगे… सच्चे धुरंधर फिल्म स्टार!!!… मुझे 70 के दशक के वो दिन याद आ गए जब मैं सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में शुद्ध हिंदी सिनेमा देखता था… और उसे देखकर मैं तृप्त हो जाता था और इस इंडस्ट्री का हिस्सा बनने का सपना देखता था… आज मैं इस बिरादरी का हिस्सा हूं और धुरंधर ने मुझे याद दिलाया कि मैं आज यहां होने पर कितना गर्व और आभारी हूं,"
पहले था 'धुरंधर देखने का FOMO'
इस महीने की शुरुआत में करण जौहर ने बताया था कि उन्हें 'धुरंधर' देखने का काफी इंतजार है. उन्होंने कहा था कि वह एक दूरदराज इलाके में शूटिंग कर रहे हैं, जहां सिनेमाघर की सुविधा नहीं है.
उन्होंने लिखा था, "मैं एक ऐसी जगह पर शूटिंग कर रहा हूँ जहाँ सिनेमाघर की सुविधा नहीं है और मुझे FOMO (फियर ऑफ मिसिंग आउट) हो रहा है! धुरंधर देखने का FOMO. मैं इसे देखने के लिए बेताब हूँ और मुझे अपनी फिल्म इंडस्ट्री के उन सभी सदस्यों पर गर्व है जो फिल्म को देखने आ रहे हैं, उसका समर्थन कर रहे हैं और उसे पसंद कर रहे हैं... एक भारतीय फिल्म के लिए इतना प्यार देखकर बहुत अच्छा लग रहा है! @adityadharfilms @officialjiostudios @ranveersingh."
'धुरंधर 2' के बारे में
'धुरंधर 2' एक जासूसी एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जो ‘धुरंधर’ का सीक्वल है. पहली फिल्म दिसंबर 2025 में रिलीज हुई थी और इसने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी.
फिल्म की कहानी एक गुप्त भारतीय खुफिया एजेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भारत के खिलाफ साजिश रच रहे आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के लिए कराची के आपराधिक गिरोहों और पाकिस्तान की राजनीतिक व्यवस्था में घुसपैठ करता है.
इस फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं.
विवादों में भी घिरी फिल्म
फिल्म को जहां दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, वहीं यह विवादों में भी आ गई. रणवीर सिंह की पगड़ी पहने सिगरेट पीते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं.
इस पर निर्देशक आदित्य धर ने सफाई देते हुए कहा, "देश और दुनिया भर के दर्शकों से ‘धुरंधर द रिवेंज’ को मिले अपार प्यार के लिए मैं दिल से आभारी हूं. हालांकि, मुझे पता चला है कि कुछ लोग कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल करके आधिकारिक तौर पर जारी प्रचार सामग्री में हेरफेर करके झूठे और भ्रामक दावे फैला रहे हैं,"
उन्होंने लोगों से केवल आधिकारिक सामग्री पर भरोसा करने की अपील की.


