आज से शुरू IPL 2026 का रोमांच... विराट काटेंगे गदर, ईशान किशन की कप्तानी में SRH करेगी चुनौती
आईपीएल 2026 की आज से धमाकेदार शुरुआत होने जा रही है. डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी भिड़ेगी सनराइजर्स हैदराबाद से. एक तरफ विराट कोहली की जोरदार वापसी, दूसरी तरफ ईशान किशन की पहली कप्तानी का रोमांचक टेस्ट.

इंडियन प्रीमियर लीग के 19 वें सीजन का शानदार सफर शनिवार 28 मार्च को शुरू होने जा रहा है. डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपनी पिछली जीत की लय को बरकरार रखते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7.30 बजे ओपनर मुकाबला खेलने उतरेगी. चिन्नास्वामी की छोटी बाउंड्री और बल्लेबाजों के अनुकूल पिच पर छक्कों-चौकों की बारिश देखने को मिलने की पूरी उम्मीद है.
इस मुकाबले में सबसे ज्यादा ध्यान पूर्व कप्तान विराट कोहली पर रहेगा, जो लंबे समय बाद आईपीएल मैदान पर उतर रहे हैं. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के कंधों पर होगी, क्योंकि नियमित कप्तान पैट कमिंस चोटिल हैं.
खतरनाक पावरप्ले तिकड़ी तैयार
सनराइजर्स हैदराबाद की ओपनिंग जोड़ी ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखती है. इनके साथ ईशान किशन की तिकड़ी पिछले दो सीजनों में हर टीम के लिए मुश्किलें खड़ी कर चुकी है. पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी, तेज शुरुआत और बड़े स्कोर खड़ा करने में यह तीनों खिलाड़ी माहिर माने जाते हैं.
पिछली हार का बदला लेने उतरेगी आरसीबी
2024 सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने कई रिकॉर्ड तोड़े थे, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मात्र 30 गेंदों में 100 रन बनाने का कमाल शामिल है. पिछले सीजन में जब एसआरएच और आरसीबी आमने-सामने हुईं तो सनराइजर्स ने 231 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था. उस मैच में ईशान किशन ने 48 गेंदों में नाबाद 94 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी और आरसीबी 42 रनों से हार गई थी. हालांकि आरसीबी ने बाद में शानदार वापसी करते हुए पहली बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की.
आरसीबी इस बार और मजबूत
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस बार और संतुलित नजर आ रही है. विराट कोहली के अलावा फिल साल्ट, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी और जॉर्डन कॉक्स जैसे मैच विनर खिलाड़ी टीम में शामिल हैं. कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम लगातार दूसरा खिताब जीतने के मजबूत इरादे से मैदान पर उतरेगी. हालांकि तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की फिटनेस पूरी नहीं होने से टीम को उनकी कमी खलेगी.
दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबलों का इतिहास
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अब तक आईपीएल में कुल 26 मैच खेले जा चुके हैं. इस दौरान सनराइजर्स हैदराबाद ने 14 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि 11 मैचों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को जीत हासिल हुई है. एक मुकाबला बेनतीजा भी रहा है.
आरसीबी की संभावित प्लेइंग-12
भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जैकब डफी, रसिक सलाम डार, फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड.
सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित प्लेइंग-12
नीतीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स, शिवम मावी, जीशान अंसारी, अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन.
आरसीबी का पूरा स्क्वॉड
रजत पाटीदार, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, जॉर्डन कॉक्स, क्रुणाल पंड्या, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, वेंकटेश अय्यर, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, जोश हेजलवुड, रसिक सलाम डार, सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी.
सनराइजर्स हैदराबाद का पूरा स्क्वॉड
पैट कमिंस (चोटिल), ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनरिक क्लासेन, ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंगस्टोन, हर्षल पटेल, कामिंदु मेंडिस, ब्रायडन कार्स, हर्ष दुबे, अनिकेत वर्मा, स्मरण रविचंद्रन, सलिल अरोड़ा, जयदेव उनादकट, शिवम मावी, जीशान अंसारी, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, डेविड पायने.
एक तरफ विस्फोटक टॉप ऑर्डर, दूसरी तरफ चैंपियन की संतुलित ताकत
एक ओर सनराइजर्स हैदराबाद का खतरनाक टॉप ऑर्डर तो दूसरी ओर डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी की मजबूत और संतुलित टीम. ऐसे में यह ओपनिंग मुकाबला हाई स्कोरिंग और रोमांच से भरपूर होने की पूरी संभावना है.


