बेटे को छोड़ो वरना... सैफ के हमलावर के पिता का दिखा सियासी रंग, कहा- भारत में हमें कोई सपोर्ट भी नहीं
सैफ अली खान पर हुए हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के पिता मोहम्मद रोहुल अमीन फकीर ने अपने बेटे की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और इस मामले को साजिश के तहत एक सियासी रंग दिया जा रहा है.

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हालिया हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के पिता मोहम्मद रोहुल अमीन फकीर ने अपने बेटे की गिरफ्तारी को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने अपने बेटे को निर्दोष बताया और इसे एक साजिश करार दिया. रोहुल ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को जानबूझकर फंसाया जा रहा है. इसके साथ ही उन्होंने इस मामले को राजनयिक स्तर पर उठाने की धमकी दी है.
इस मामले ने भारत और बांग्लादेश के बीच एक अलग तरह का विवाद खड़ा कर दिया है. शरीफुल के पिता ने कहा कि उनका बेटा राजनीतिक अशांति के कारण बांग्लादेश से भारत आया था. उन्होंने अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए दावा किया कि सीसीटीवी में दिख रहा शख्स उनका बेटा नहीं है.
गिरफ्तारी पर पिता का बयान: बेटा निर्दोष है
शरीफुल इस्लाम के पिता मोहम्मद रोहुल अमीन ने कहा, "सीसीटीवी में जो लंबी बालों वाला शख्स दिखाया गया है, वह मेरा बेटा नहीं हो सकता. मेरा बेटा कभी भी अपने बाल लंबे नहीं रखता है." उन्होंने यह भी कहा कि उनके बेटे को जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है.
बांग्लादेश से भारत आने की वजह
रोहुल अमीन ने बताया कि उनका बेटा बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के कारण भारत आया था. उन्होंने कहा, "बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के दौरान मेरा बेटा खालिदा जिया का समर्थक था. शेख हसीना की सरकार के सत्ता में लौटने के बाद उसे भारी विरोध का सामना करना पड़ा. इसी कारण उसने बांग्लादेश छोड़ने और भारत में काम करने का फैसला किया."
शरीफुल की भारत में स्थिति
रोहुल ने यह भी दावा किया कि उनका बेटा मुंबई के एक बड़े होटल में काम करता था, जहां उसे अच्छा वेतन और मालिक से पुरस्कार भी मिला था. उन्होंने कहा, "मुंबई में होटल में मिलने वाला वेतन पश्चिम बंगाल की तुलना में ज्यादा था. लेकिन भारत में हमें कोई समर्थन नहीं मिल रहा है."
राजनयिक मुद्दा बनाने की धमकी
रोहुल अमीन ने इसे राजनीतिक मुद्दा बताते हुए कहा कि वह अपने देश के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हैं. उन्होंने कहा, "मैं इसे राजनयिक स्तर पर उठाने की कोशिश कर रहा हूं." रोहुल ने यह भी दावा किया कि वह बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यकर्ता हैं.


