पुलिस की 35 टीमें, 72 घंटे का ऑपरेशन और UPI पेमेंट... सैफ पर हमला करने वाले आरोपी की ऐसी हुई गिरफ्तारी
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले ने सबका ध्यान खींचा. मुंबई पुलिस ने 72 घंटे तक चले ऑपरेशन में 300 पुलिसकर्मियों को लगाकर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की. इस बड़े केस को सुलझाने में 600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और एक छोटे से UPI भुगतान ने अहम भूमिका निभाई.

मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले ने पूरे देश को हैरान कर दिया. इस हाई-प्रोफाइल केस को सुलझाने के लिए मुंबई पुलिस ने 300 से अधिक कर्मियों को लगाया और 72 घंटे के अंदर मामले का पर्दाफाश कर लिया. हमले का आरोपी शरीफुल इस्लाम, जो फर्जी पहचान के साथ रह रहा था, को पुलिस ने ठाणे से गिरफ्तार कर लिया.
इस ऑपरेशन की सफलता में सबसे अहम भूमिका एक छोटी सी गलती ने निभाई. आरोपी ने वर्ली में एक पराठा और पानी की बोतल खरीदने के लिए UPI भुगतान किया, जिससे पुलिस को उसका फोन नंबर और लोकेशन ट्रैक करने में मदद मिली.
600 सीसीटीवी कैमरों की जांच से मिली सफलता
सैफ अली खान पर हमले के बाद, मुंबई पुलिस ने बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों के 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने एक फुटेज में आरोपी को बाइक से उतरते हुए देखा, जिससे वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर ट्रेस हुआ. इसके बाद आरोपी की तलाश और तेज हो गई.
ठाणे में झाड़ियों से पकड़ा गया आरोपी
आरोपी की आखिरी लोकेशन ठाणे के सुनसान इलाके में मिली, जहां वह झाड़ियों में छिपा हुआ था. पुलिस ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया और उसे हिरासत में ले लिया. पूछताछ में पता चला कि आरोपी बांग्लादेश का नागरिक है और भारत में अवैध तरीके से प्रवेश कर चुका था.
शाहरुख खान के घर की भी की थी रेकी
हमलावर ने स्वीकार किया कि उसने शाहरुख खान के 'मन्नत' बंगले की भी रेकी की थी. हालांकि, वहां की कड़ी सुरक्षा के कारण वह अंदर नहीं घुस सका. इसके बाद उसने सैफ अली खान के घर में घुसपैठ की योजना बनाई.
हमले का पूरा घटनाक्रम
16 जनवरी की रात को आरोपी ने सैफ अली खान के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में घुसने की कोशिश की. डकैती में नाकाम होने पर उसने अभिनेता पर हमला कर दिया. घायल सैफ को तत्काल लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी आपातकालीन सर्जरी की गई.
फर्जी नाम और पृष्ठभूमि का खुलासा
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने बिजॉय दास नाम से खुद को पहचान दी थी और वह वर्ली के एक रेस्तरां में हाउसकीपर के रूप में काम करता था. रेस्तरां प्रबंधन ने बताया कि उसने सितंबर 2024 से दिसंबर 2024 तक वहां काम किया था.
अंतरराष्ट्रीय साजिश की जांच
मुंबई पुलिस को शक है कि आरोपी के भारत में अवैध प्रवेश और हमले के पीछे अंतरराष्ट्रीय साजिश हो सकती है. पुलिस ने कोर्ट में बताया कि आरोपी के पास कोई वैध भारतीय दस्तावेज नहीं थे, जिससे उसके बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई. हमले के बाद सैफ अली खान की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है.


