85 साल के शरद पवार अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता; जांच के लिए एडमिट

एनसीपी (S) प्रमुख शरद पवार को तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वे जांच के दौर से गुजर रहे हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) के प्रमुख शरद पवार को मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट किया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

सूत्रों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें एहतियातन अस्पताल में रखा गया है. हालांकि, उनकी सेहत को लेकर समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल बना हुआ है.

छाती में संक्रमण से पहले भी हो चुके हैं भर्ती

बताया जा रहा है कि शरद पवार पहले भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं. इस साल फरवरी में उन्हें छाती में संक्रमण और शरीर में पानी की कमी के कारण पुणे के एक अस्पताल में दो बार एडमिट करना पड़ा था.

एक सूत्र ने बताया, "उन्हें जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कोई गंभीर बात नहीं है."

नियमित जांच के लिए अस्पताल में भर्ती

शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने जानकारी दी कि उनकी तबीयत की निगरानी और कुछ जरूरी मेडिकल टेस्ट के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है. उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही उनके स्वास्थ्य की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.

बारामती दौरा रद्द, रैली में नहीं होंगे शामिल

अस्पताल में भर्ती होने के चलते शरद पवार का बारामती दौरा रद्द कर दिया गया है. उन्हें वहां एक महत्वपूर्ण रैली में शामिल होना था, जो उपचुनाव के लिहाज से अहम मानी जा रही थी.

जल्द मिल सकती है छुट्टी

सूत्रों के मुताबिक, यदि उनकी हालत स्थिर बनी रहती है तो उन्हें एक-दो दिन में अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है. डॉक्टर फिलहाल उनकी सभी रिपोर्ट्स का इंतजार कर रहे हैं और तब तक उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाये हुए है. 

कार्यकर्ताओं में चिंता, अफवाहों से बचने की अपील

शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चिंता बढ़ गई है. पार्टी पदाधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि स्वास्थ्य को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो