शहर में 25 दिन, गांव में 45 दिन बाद मिलेगा सिलेंडर! सरकार ने नियम में किया बदलाव, मिट्टी के तेल की होगी वापसी
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. देशभर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. ऐसे में पेट्रोलियम मंत्रालय ने सख्त नियम लागू कर दिए हैं.

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बड़ा ऐलान किया है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता बनी रहेगी, लेकिन मांग को नियंत्रित करने और जमाखोरी रोकने के लिए नए नियम लागू किए गए हैं.
मिडिल ईस्ट तनाव का असर
होर्मुज जलडमरूमध्य में शिपिंग प्रभावित होने से वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति पर चिंता है. भारत रोजाना लाखों बैरल कच्चा तेल इस्तेमाल करता है और इसका बड़ा हिस्सा आयात होता है, लेकिन सरकार का कहना है कि कच्चे तेल की सप्लाई सुरक्षित है. देश दुनिया का चौथा बड़ा रिफाइनर है और घरेलू उत्पादन बढ़कर करीब 28 प्रतिशत तक पहुंच गया है.
एलपीजी की जरूरत का लगभग 60 प्रतिशत आयात से पूरी होती है, लेकिन फिलहाल कोई कमी नहीं है. पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि घरेलू उपयोग के लिए गैस की आपूर्ति सामान्य है. रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे घरेलू उत्पादन में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.
शहर में 25 दिन, गांव में 45 दिन का नियम
सरकार ने एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के नियम बदले हैं ताकि हर घर तक गैस पहुंच सके. शहरी इलाकों में अब अगला सिलेंडर बुक करने के लिए कम से कम 25 दिन का अंतराल रखा गया है. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह समय बढ़ाकर 45 दिन कर दिया गया है.
इससे पहले ग्रामीण इलाकों में भी समय कम था, लेकिन अब अलग-अलग व्यवस्था से आपूर्ति बेहतर संतुलित रहेगी. इसके अलावा कमर्शियल गैस सिलेंडर और 48,000 लीटर केरोसिन की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है. कोयले की उपलब्धता भी बढ़ाई गई है.
मंत्रालय ने अफवाहों पर लगाया लगाम
सोशल मीडिया पर फेक न्यूज से लोग घबरा रहे हैं. सूचना मंत्रालय ने टीवी चैनलों को पुराने वीडियो दिखाने से मना किया है और तारीख-समय स्पष्ट करने को कहा है. सरकार ने 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय किया है. शिपिंग मंत्रालय जहाजों की सुरक्षा पर नजर रख रहा है.
विदेश मंत्रालय खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीयों की मदद कर रहा है. सरकार का संदेश साफ है घबराने की जरूरत नहीं. ऊर्जा आपूर्ति और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. लोग सामान्य तरीके से सिलेंडर बुक करें और अफवाहों पर विश्वास न करें.


