Black Friday: यूपी, बिहार के बाद अब गुजरात में हादसा, ट्रक और बस की भीषण टक्कर, हादसे में गई 7 लोगों की जान
गुजरात के कच्छ में शुक्रवार को 40 लोगों को ले जा रही एक बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई. इस हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इससे पहले उत्तर प्रदेश और बिहार में भी सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं. यूपी के इटावा में चार लोगों की मौत हो गई. वहीं बिहार के भोजपुर में 6 लोगों ने दम तोड़ दिया.

गुजरात के कच्छ में शुक्रवार को 40 लोगों को ले जा रही एक बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई. इस हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. सूत्रों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. यह घटना केरा मुंद्रा रोड पर हुई. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है.
इटावा में चार लोगों की मौत
इससे पहले उत्तर प्रदेश के इटावा में एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी. गुरुवार रात को हुई इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि दौलतपुर गांव के पांच लोग उसराहार कस्बे के निकट एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. रुद्रपुर गांव के निकट एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे पांचों लोग सड़क पर गिर गए.
वर्मा ने बताया कि चार लोगों में से तीन की मौत मेडिकल कॉलेज ले जाते समय हुई, जबकि एक अन्य की मौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई. घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि मोटरसाइकिल को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने के प्रयास जारी हैं.
बिहार के भोजपुर में हादसा
बिहार के भोजपुर में शुक्रवार तड़के तब चीख पुखार मच गई, जब एक कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई. इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सभी प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहे थे. रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना यह घटना जगदीशपुर के दुल्हिनगंज पेट्रोल पंप के पास तड़के सुबह करीब 3:17 बजे हुई.
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान संजय कुमार (62), करुणा देवी (58), लाल बाबू सिंह (25), प्रिया कुमार (20), आशा किरण (28) और जूही रानी (25) के रूप में हुई है. खबर मिलने के बाद परिवार के एक सदस्य ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की पहचान की. उन्होंने बताया कि मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के थे. वे महाकुंभ से लौट रहे थे.
हमें घटनास्थल तक पहुंचने में 5 मिनट लगे- पेट्रोल पंप कर्मचारी
पास के पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी ने कहा कि हमें घटना वाली जगह पर पहुंचने में सिर्फ पांच मिनट लगे. हादसा बहुत भयानक था. जब तक हम वहां पहुंचे, तब तक कोई भी जीवित नहीं बचा था.
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार चालक को शायद नींद आ गई थी, जिससे उसका नियंत्रण खो गया और यह दुर्घटना हुई. घटना के तुरंत बाद चालक भाग गया. उन्होंने आगे बताया कि टक्कर के तुरंत बाद कार चकनाचूर हो गई. उन्होंने बताया कि एक पहिया 20 फीट दूर पड़ा मिला और कार के अन्य हिस्से इधर-उधर बिखरे मिले.


