21 विदेशी पिस्टल-मशीन गन और 200 जिंदा कारतूस! पाकिस्तान से हथियार तस्करी गैंग का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है. उनके पास से 21 विदेशी हथियार और 200 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. इस गैंग का सीधा संबंध पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के अवैध हथियार सप्लायरों से था. पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 21 विदेशी हथियार और 200 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. इनमें ऑटोमैटिक पिस्टल और सब-मशीन गन शामिल है. ये हथियार दिल्ली-NCR और अन्य राज्यों के आपराधिक गिरोहों को सप्लाई किए जाते थे.

बरामद हथियारों की लिस्ट

पुलिस ने कई देशों में बने अत्याधुनिक हथियार जब्त किए हैं. इनमें शामिल हैं:

  • PX-5.7 पिस्टल (विशेष बलों द्वारा इस्तेमाल होने वाली)
  • Stoeger (तुर्की निर्मित)
  • PX-3 (चीन निर्मित)
  • Shadow CZ (चेक गणराज्य निर्मित)
  • Beretta (इटली निर्मित)
  • Taurus (ब्राजील निर्मित)
  • Walther (जर्मनी निर्मित)

साथ ही एक सब-मशीन गन (चेक गणराज्य निर्मित) भी बरामद हुई है. बता दें, ये हथियार आम अपराधियों के लिए नहीं, बल्कि खास तरह के ऑपरेशनों में इस्तेमाल होते हैं.

तस्करी का रास्ता और मॉडस ऑपरेंडी

पुलिस के अनुसार, हथियार मुख्य रूप से पाकिस्तान से भारत-नेपाल सीमा के रास्ते तस्करी किए जाते थे. फिर इन्हें दिल्ली और आसपास के इलाकों में सक्रिय गैंगस्टरों तक पहुंचाया जाता था.

यह गिरोह सिर्फ एक राज्य तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे देश में हथियार सप्लाई का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क चलाता था. क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इस मॉड्यूल पर छापेमारी की और पूरे गैंग को पकड़ लिया.

आरोपियों से पूछताछ जारी 

दिल्ली पुलिस ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ चल रही है. इससे नेटवर्क के और सदस्यों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में अपराधियों को हथियार सप्लाई करने वाली बड़ी साख खत्म हो गई है. यह सफलता अपराध और आतंक के खिलाफ पुलिस की सतर्कता को दिखाती है. अभी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं क्योंकि जांच आगे बढ़ रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो