चना दाल से बनाएं प्रोटीन से भरपूर ये मजेदार डिशेज, इस रेसिपी से झटपट करें तैयार और स्वाद ऐसा कि बार-बार मन करे

अगर आप रोजाना के खाने में कुछ स्वादिष्ट और सेहतमंद चीज शामिल करना चाहते हैं, तो चना दाल सबसे बढ़िया विकल्प है. यह न सिर्फ लाजवाब टेस्ट देती है, बल्कि शरीर के लिए ढेर सारे फायदे भी पहुंचाती है. आज हम आपको चना दाल से बनने वाली कुछ आसान और मजेदार डिशेज बताने वाले हैं.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

चना दाल भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है. प्रोटीन और फाइबर से भरपूर यह दाल न सिर्फ शरीर को एनर्जी देती है बल्कि पाचन तंत्र को भी मजबूत रखती है. व्यस्त सुबह के समय में भी आप चना दाल से झटपट और स्वादिष्ट डिशेज तैयार कर पूरे परिवार को खुश कर सकते हैं.आज हम आपको चना दाल से बनने वाली पांच आसान और टेस्टी रेसिपी बता रहे हैं जो कम समय में बनकर तैयार हो जाती हैं और खाने में बेहद लजीज होती हैं.

चना दाल का चीला

चना दाल का चीला बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को 2-3 घंटे तक भिगो दें. इसके बाद इसे पीसकर पतला घोल तैयार कर लें. अब इसमें अपनी पसंद की सब्जियां, प्याज और मसाले मिलाएं. इस घोल को तवे पर फैलाकर चीला बनाएं और दोनों तरफ से सेंक लें. तैयार चीले को चटनी के साथ गरमा-गरम सर्व करें.

चना दाल के कबाब

चना दाल के कबाब बनाने के लिए सबसे पहले दाल को भिगो लें. फिर इसे अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और थोड़ा सा सोया ग्रेन्यूल्स के साथ पीसकर पेस्ट तैयार लें. अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे कबाब का आकार दें. इसके बाद कढ़ाई या पैन में थोड़ा सा घी या तेल डालकर इन्हें हल्का-हल्का सेंकते हुए शैलो फ्राई करें. जब कबाब सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तब इन्हें निकालकर गरमा-गरम सर्व करें.

चना दाल तड़का

चना दाल तड़का खाने में काफी टेस्टी लगती है और इसे बनाना काफी आसान है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को कुकर में उबाल लें. इसके बाद इसमें प्याज, टमाटर और मसालों का तड़का लगाएं. ऊपर से थोड़ा घी डालें और गरमा-गरम रोटी के साथ खाएं.

चना दाल का पराठा

चना दाल का पराठा बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को नमक, हल्दी, अजवाइन और जीरा डालकर कुकर में पका लें. फिर इसे हल्का मैश करके स्टफिंग तैयार करें. अब आटे की लोई में यह स्टफिंग भरकर पराठा बेलें और तवे पर घी या तेल लगाकर सेंक लें.

चना दाल का हलवा

इस मीठी डिश के लिए चना दाल को भिगोकर पीस लें. फिर कढ़ाई में घी गरम करके इस पेस्ट को 10–15 मिनट तक भूनें, जब तक इसका रंग बदलकर खुशबू न आने लगे. इसके बाद इसमें चीनी डालकर धीमी आंच पर पकाएं. ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व करें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो