कौन हैं आर्यमन बिरला? राजस्थान रॉयल्स का रहे हिस्सा, अब बने RCB के नए चेयरमैन

IPL 2026 शुरू होने से पहले 2025 सीजन की विजेता टीम RCB अब सबसे महंगी फ्रेंचाइजी टीम बन गई है. उसे लगभग 16,600 करोड़ रुपये में खरीद लिया गया है.

Sonee Srivastav

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग(IPL) 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में बड़ा बदलाव हुआ है. आदित्य बिरला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, डेविड ब्लिट्जर की बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन के एक समूह ने मौजूदा चैंपियन RCB को करीब 1.78 बिलियन डॉलर (लगभग 16,600 करोड़ रुपये) में खरीद लिया है.

यह सौदा RCB को आईपीएल की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बना देता है. 28 मार्च को RCB सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपना घरेलू मैच खेलकर नया सीजन शुरू करेगी,  लेकिन उससे पहले आइए जान लेते हैं आर्यमन बिरला कौन हैं. 

आर्यमन बिरला कौन हैं?

आर्यमन बिरला आदित्य बिरला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला के बेटे हैं. उनका जन्म 9 जुलाई 1997 को मुंबई में हुआ. वे अब आरसीबी के नए चेयरमैन बन गए हैं. आर्यमन बचपन से ही क्रिकेट के शौकीन रहे.

17 साल की उम्र में उन्होंने मुंबई का घर छोड़कर क्रिकेट करियर बनाने के लिए मध्य प्रदेश चले गए. उन्होंने लंदन में वेस्ट हैम्पस्टेड क्रिकेट क्लब और लंदन स्कूल्स क्रिकेट एसोसिएशन के साथ खेलकर अनुभव हासिल किया.

आर्यमन बिरला का क्रिकेट करियर 

नवंबर 2017 में आर्यमन ने ओडिशा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया. उन्होंने कुल 9 प्रथम श्रेणी मैच खेले और 27.60 की औसत से 414 रन बनाए. इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है. 2017-18 सत्र में अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. नौ पारियों में 75.25 की औसत से 602 रन बनाए, जिसमें तीन शतक थे. 

वे बाएं हाथ के बल्लेबाज थे. उन्होंने चार लिस्ट-ए मैच भी खेले. आईपीएल 2018 की नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा, लेकिन वे एक भी मैच नहीं खेल पाए. 2020 से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया.

2019 में क्रिकेट से लिया संन्यास 

दिसंबर 2019 में सिर्फ 22 साल की उम्र में आर्यमन ने प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया. उन्होंने कहा कि खेल के कारण उन्हें गंभीर चिंता हो रही थी. बयान में उन्होंने लिखा, “मैं फंसा हुआ महसूस कर रहा था. अब अपनी मानसिक सेहत को प्राथमिकता देनी होगी.” उन्होंने अपनी यात्रा को समझने और नए रास्ते तलाशने का फैसला किया.

बिजनेस दुनिया में कदम

क्रिकेट छोड़ने के बाद आर्यमन ने पढ़ाई पर ध्यान दिया. उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से वाणिज्य की डिग्री, बेयस बिजनेस स्कूल से ग्लोबल फाइनेंस में मास्टर डिग्री और हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से एमबीए (ऑनर्स) पूरी की. वर्तमान में वे आदित्य बिरला मैनेजमेंट कॉर्पोरेशन के बोर्ड में हैं. 

ग्रासिम इंडस्ट्रीज और आदित्य बिरला फैशन जैसी कंपनियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. आर्यमन का सफर क्रिकेट के मैदान से बिजनेस की दुनिया तक का है. अब वे आरसीबी जैसे बड़े ब्रांड को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की जिम्मेदारी संभालेंगे. 

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो