आशुतोष ब्रह्मचारी को जान से मारने की धमकी, जांच में सामने आया पाकिस्तान कनेक्शन

श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट (मथुरा) के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी को जान से मारने की धमकी मिली है. खबर है कि उन्हें और उनके वकील को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट (मथुरा) के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी को जान से मारने की धमकी मिली है. बताया जा रहा है कि उन्हें और उनके अधिवक्ता को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है.

इस मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब पुलिस जांच में सामने आया कि जिस नंबर से कॉल की गई, वह पाकिस्तान का है. इस खुलासे के बाद यह मामला केवल एक धमकी तक सीमित न रहकर संभावित अंतरराष्ट्रीय साजिश और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है.

सुप्रीम कोर्ट जाने के बाद शुरू हुई धमकियां

पूरा विवाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से जुड़े एक कानूनी मामले से जुड़ा हुआ है. आशुतोष ब्रह्मचारी ने उच्च न्यायालय द्वारा स्वामी को दी गई अग्रिम जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की है.

आशुतोष महाराज का कहना है कि 25 मार्च को जैसे ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की पैरवी तेज की, उसी समय से उन्हें धमकियां मिलने लगीं.

फोन कॉल पर दी गई जान से मारने की धमकी

शुक्रवार शाम करीब 5:53 बजे आशुतोष ब्रह्मचारी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई. कॉल करने वाले ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि यदि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से अपनी याचिका वापस नहीं ली या केस की पैरवी जारी रखी, तो उन्हें और उनके वकील को बम से उड़ा दिया जाएगा.

पाकिस्तान नंबर से जुड़ा मामला

धमकी मिलने के तुरंत बाद आशुतोष ब्रह्मचारी ने '112' नंबर पर पुलिस को सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए कांधला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह को जब घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया.

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि जिस नंबर से कॉल आई, वह पाकिस्तान का कोड (+92) दर्शा रहा है. उन्होंने कहा, "कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया यह मामला डराने और कानूनी प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रतीत होता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय नंबर होने के कारण हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं."

सुरक्षा बढ़ाने की मांग

आशुतोष ब्रह्मचारी ने पुलिस को दिए गए शिकायत पत्र में अपनी और अपने सहयोगियों की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह धर्म और न्याय की इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे, चाहे कितनी भी धमकियां क्यों न मिलें.

फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कांधला स्थित उनके आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. वहीं, खुफिया एजेंसियां भी कॉल के स्रोत और उससे जुड़े संभावित स्थानीय संपर्कों की जांच में जुट गई हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो