दिल्ली विधानसभा में 1:40 बजे होगा धमाका! बजट सत्र के बीच दूसरे दिन भी बम से उड़ाने की मिली धमकी

आज एक बार फिर दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इस धमकी में 16 आईईडी बम का जिक्र किया गया है. यह मामला ऐसे समय पर सामने आया है, जब आज बजट सत्र चल रहा है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा को लगातार दूसरे दिन बम से उड़ाने की गंभीर धमकी मिली है. बुधवार को स्पीकर के ओएसडी को ईमेल पर भेजे गए संदेश में दावा किया गया कि विधानसभा भवन में 16 आईईडी बम लगा दिए गए हैं. धमकी देने वाले ने कहा कि दोपहर 1.40 बजे इनमें विस्फोट हो जाएगा. यह धमकी ऐसे समय आई है जब दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है. सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गई और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई.

धमकी में 16 आईईडी बम का जिक्र 

ईमेल भेजने वाले ने खुद को कोयंबटूर का रहने वाला बताया. उसने राजनीतिक कारणों से नाराजगी जताते हुए हमले की बात कही. संदेश में लिखा था कि विधानसभा परिसर में आरडीएक्स से भरे 16 आईईडी बम लगाए गए हैं. धमाके से पहले पूरे इलाके को खाली करा लेने की चेतावनी भी दी गई.

दिल्ली पुलिस ने इस ईमेल को बहुत गंभीरता से लिया है. सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं. स्निफर डॉग, बम डिस्पोजल टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है. 

एक दिन पहले भी मिली थी धमकी

मंगलवार को भी बजट पेश होने से कुछ घंटे पहले विधानसभा को बम की धमकी मिली थी. सुबह 7:28 बजे विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर और 7:49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को धमकी भरा ईमेल आया. उसमें विधानसभा भवन के अलावा नजदीकी दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी उड़ाने की बात कही गई थी.

उस ईमेल में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, उपराज्यपाल और अन्य नेताओं का भी जिक्र था. सुरक्षा बलों ने तुरंत पूरे परिसर की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. पुलिस ने उस धमकी को फर्जी बताते हुए जांच बंद कर दी थी.

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

दोनों दिनों की धमकियों के बावजूद दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा पहले से ही मजबूत रखी गई थी. बजट सत्र चलने के कारण परिसर में पहले से ही सख्त चेकिंग हो रही थी. पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने तक कोई भी जोखिम नहीं लिया जाएगा.

अभी तक दोनों धमकियों में कोई बम या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है. सुरक्षा एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं. आमतौर पर ऐसी धमकियां फर्जी निकलती है, लेकिन हर बार पूरी सतर्कता बरती जाती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो