दिल्लीवासियों के लिए खुशखबरी, 45 लाख लोगों को मिलेगी राहत, CM रेखा गुप्ता का ऐलान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि राजधानी के 45 लाख लोगों को फायदा पहुंचाने वाली एक बड़ी योजना शुरू की जा रही है.

दिल्ली के 45 लाख लोगों के लिए राहत भरी बड़ी खबर आई है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस ऐतिहासिक फैसले से वर्षों से अनिश्चितता और चिंता में जी रहे लाखों परिवारों को अब अपने घरों पर कानूनी अधिकार मिलने का रास्ता साफ हो गया है. मुख्यमंत्री ने इसे राहत, सम्मान और अधिकार का नया अध्याय बताया है.
अनधिकृत कॉलोनियों का नियमितीकरण शुरू
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रेस वार्ता के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, आज का दिन दिल्ली के लाखों लोगों के लिए राहत, सम्मान और अधिकार का नया अध्याय लेकर आया है. उन्होंने बताया कि 1731 अनधिकृत कॉलोनियों में से 1511 कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस पहल का श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दिया और कहा कि पीएम उदय योजना के तहत यह काम तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है.
आवेदन प्रक्रिया और समयसीमा
सीएम रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि आवेदन प्रक्रिया 24 अप्रैल से शुरू होगी. तय समयसीमा के अनुसार:7 दिन में GIS सर्वे पूरा किया जाएगा
-
15 दिन में आवेदनों में पाई गई कमियों को दूर किया जाएगा
-
45 दिन के अंदर कन्वेयंस डीड जारी कर दी जाएगी
इससे लोगों को बिना किसी देरी के अपना हक मिल सकेगा.
छोटे व्यापारियों को भी मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र और दिल्ली सरकार ने मिलकर इस प्रक्रिया में आने वाली 22 बड़ी बाधाओं को दूर किया है. खास बात यह है कि 20 वर्गमीटर तक की छोटी दुकानों को भी शर्तों के साथ नियमित करने का प्रावधान किया गया है, जिससे छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी.
ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट नीति पर जोर
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के भविष्य को ध्यान में रखते हुए ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट नीति को भी आगे बढ़ाया जा रहा है. इसके तहत मेट्रो और आरआरटीएस कॉरिडोर के आसपास 500 मीटर के दायरे में करीब 207 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में योजनाबद्ध, हाई-डेंसिटी और मिक्स्ड यूज डेवलपमेंट को बढ़ावा दिया जाएगा. इससे सस्ती आवास व्यवस्था, बेहतर कनेक्टिविटी और आसान जीवन का रास्ता खुलेगा, खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए.
सीएम रेखा गुप्ता ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का दिल्ली की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया.


