आरके पुरम में बड़ी चोरी, शटर काटकर करोड़ों के जेवर उड़ा ले गए चोर

दक्षिण पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम में ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाकर चोर करोड़ों के गहने लेकर फरार हो गए. शटर काटकर अंजाम दी गई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: नई दिल्ली के आरके पुरम इलाके में शुक्रवार रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. सेक्टर-6 मार्केट स्थित एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए चोर लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों के गहने समेट ले गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 2.5 से 3 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए हैं, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर रकम की पुष्टि नहीं की है.

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

ताला नहीं टूटा तो काट दिया शटर

दुकान के मालिक रविंद्र सिंह चौहान के अनुसार, दुकान में सुरक्षा के लिए दो शटर लगाए गए थे. सीसीटीवी फुटेज में शुक्रवार देर रात करीब दो बजे चार से पांच लोग दुकान के बाहर दिखाई दिए. पहले उन्होंने मुख्य ताला तोड़ा और अंदर घुसे. इसके बाद जब दूसरा ताला नहीं खुल पाया तो उन्होंने शटर को ही काट दिया.

सोना-चांदी लेकर हुए फरार

दुकान के भीतर से करीब 70 से 80 किलोग्राम चांदी के आभूषण और लगभग 200 से 250 ग्राम सोना चोरी कर लिया गया. बताया गया कि रात करीब एक बजे आरोपी इलाके की रेकी कर चुके थे. दुकानदार ने यह भी बताया कि कुछ सोने के आभूषण, जो मरम्मत के लिए आए थे, तिजोरी में रखना भूल गए थे और चोर उन्हें भी अपने साथ ले गए.

सुबह हुआ वारदात का खुलासा

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह शिकायत मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. दुकान मालिक ने बताया कि वह शुक्रवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे. सुबह जब दुकान खोली गई, तब चोरी का पता चला.

पुलिस कर रही जांच

पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने कहा है कि चोरी हुए गहनों की मात्रा और कुल मूल्य की पुष्टि अभी की जा रही है. आरके पुरम थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. आसपास की दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag